कटनी (19 नवंबर ) – कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव को विजयराघवगढ़ के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में सोमवार 18 नवंबर की रात करीब 11ः30 बजे 21 छात्राओं के स्वास्थ्य बिगड़ने के मामले की जानकारी मिलते ही संज्ञान मे लेकर तत्काल शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए छात्राओं को सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ में भर्ती कर उनकी देखभाल और बेहतर उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर ने इस संबंध मे पूरी जांच कर प्रतिवेदन सौपने डी.पी.सी को निर्देशित किया है।
कलेक्टर श्री यादव ने छात्राओं के स्वास्थ्य बिगड़ने के मामले को गंभीरता से लेते हुए डीपीसी के.के.डेहरिया को सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ और छात्रावास का निरीक्षण करने भेजा। कलेक्टर श्री यादव के निर्देश के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी ब्रजेश विश्वकर्मा द्वारा यहां की फूड सेंपलिंग की गई है और नमूना जांच हेतु प्रयोग शाला भेजने की कार्यवाही की गई। इसके अलावा जांच होने तक छात्रावास के स्टोर को बंद रखने और यहां की खाद्य सामग्री का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी है।
इसके पूर्व सभी छात्राओं को सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ में भर्ती कर उपचार किया गया। विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ विनोद कुमार ने बताया कि छात्राओं को फूड प्वाजनिंग की वजह से उल्टी -दस्त की शिकायत पर उपचार हेतु भर्ती किया गया था। अब सभी छात्राएं स्वस्थ है, चिंता जैसी कोई बात नहीं है। वर्तमान में मंगलवार की शाम तक सभी छात्राओं की सिविल अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है।


