रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। मां नर्मदा एवं तवा नदी के संगम तट बांद्राभान में बुधवार 13 नवंबर से तीन दिवसीय बांद्राभान मेले का शुभारांभ हुआ। लोकसभा सांसद दर्शनसिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, विधायक नर्मदापुरम डॉ सीतासरन शर्मा, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, कलेक्टर सोनिया मीना, मध्यप्रदेश तैराकी संघ अध्यक्ष पीयूष शर्मा, जनपद अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विधिवत पूजा अर्चना कर बुधवार को मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ गुरकरन सिंह, जनपद उपाध्यक्ष मंजूलता पटेल, एसडीएम नर्मदापुरम नीता कोरी, एसडीओपी पराग सैनी, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड राजेश जैन, जनपद सीईओ हेमंत सूत्रकार सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें।कलेक्टर सुश्री मीना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह ने अधिकारियों के साथ मोटरबोट के माध्यम से नदी मार्ग द्वारा मेला क्षेत्र पर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया एवं मेले के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि कार्तिक मास की पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाला सुप्रसिद्ध बांद्राभान मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते हैं। जिसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन नर्मदापुरम द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई। जनपद सीईओ नर्मदापुरम हेमंत सुत्रकार ने बताया कि तीन दिवस तक आयोजित होनें वाला मेला 16 नवंबर तक चलेगा। मेले में नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, सीहोर, भोपाल, राजगढ एवं अन्य जिलो से आने वाले यात्रियों व श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखते हुये मेला स्थल के पहुंच मार्गों को दुरूस्त किया गया है। मेले के लिए मुख्य घाट सहित अन्य प्रमुख स्नान घाटों तक के रेतीले क्षेत्र में आवागमन सुलभ बनाया गया है। मेला स्थल पर नदी में गहरे पानी में जाने से लोगो को रोकने के लिए बैरीकेडिंग की गई है। शुद्ध पेयजल की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।


