रिपोर्टर प्रिया दुबे
परियट जलाशय का जलस्तर कम होने के कारण अभी रॉंझी क्षेत्र में एक ही समय की जायेगी जलापूर्ति : जल वितरण प्रबंधन को मजबूत कर वर्षा ऋतु के उपरांत ही दोनों समय क्षेत्रों में कराई जायेगी जलापूर्ति*
जबलपुर। आज दिनांक 4 जुलाई 2024 दिन गुरूवार को निगमायुक्त श्रीमती यादव ने रॉंझी क्षेत्र के नागरिकों के लिए बेहतर जल प्रबंधन व्यवस्था करने के उद्देश्य से परियट जलाशय, उमरिया नहर एवं उमरिया नहर के पास (पंप हाउस) का आकस्मिक रूप से अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्वप्रथम परियट जलाशय के जलस्तर को देखा, उन्होंने कहा कि परियट जलाशय का जल स्तर लगातार गिर रहा है जिसे वर्षा के द्वारा ही भरा जा सकता है, जिसके कारण अभी परियट जलाशय से एक ही समय जलापूर्ति की जा सकती है, वर्षाऋतु का आगमन हो चुका है, जिससे अच्छी बारिश से परियट जलाशय का जलस्तर में सुधार होगा और दोनो समय पर्याप्त शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा सकेगी। निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने उमरिया नहर एवं उमरिया नहर के पास स्थित पंप हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने पंप हाउस के अंदर जाकर वहॉं के आपरेशन सिस्टम को समक्षा तथा रिकार्ड की जानकारी ली गई। इस मौके पर उन्होंने इस उमरिया नहर पंप हाउस को और बेहतर करने के निर्देश दिये। साथ ही बरगी बांध से मिलने वाली दायी ओर की नहर का भी निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने निरीक्षण किया। दोनो स्थलों पर लगातार बारिश होने के उपरांत ही रॉंझी जल शोधन संयंत्र से दोनो समय नियमित रूप से शुद्ध जलापूर्ति की जा सकेगी।
कार्यपालन यंत्री कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि संजय नगर, आधारताल एवं शोभापुर की उच्च स्तरीय टंकियों से सुबह के स्थान पर शाम को जलापूर्ति एक समय की जायेगी। उन्होंने बताया कि अन्य उच्च स्तरीय टंकियों से जलापूर्ति सुबह की जायेगी। परियट एवं उमरिया के निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री कमलेश श्रीवास्तव एवं अंकुर सिंह नाग उपस्थित रहे।