मास्टर ट्रेनर और प्रशिक्षण ले रहे लोकसेवकों से किया संवाद
निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियां समझने की दी हिदायत
कटनी (23 मार्च)-आगामी लोकसभा निर्वाचन 2024 की शुचिता,निष्पक्षता और त्रुटिहीन निर्वाचन प्रक्रिया को संपादित करने का दारोमदार आप सभी पर है। इसलिए निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रशिक्षण में निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियां समझने की आवश्यकता है। यदि आप असमंजस या दुविधा की स्थिति में शंकाओं और जिज्ञासाओं का समाधान खोजने में असफल रहते हैं तो आपको मतदान केंद्रों में असहज स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए प्रशिक्षण में विद्यार्थी की भांति मस्तिष्क में उभर रहे सवालों के उत्तर जानें ताकि आप निर्विघ्न, शांतिपूर्ण तरीके से निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित निर्देशों के अनुसार चुनाव करा सके। इस आशय के निर्देश और सुझाव शुक्रवार को दूसरी पाली में आयोजित शासकीय महाविद्यालय उमरिया पान में आयोजित निर्वाचन प्रशिक्षण का निरीक्षण करते हुए प्रशिक्षण ले रहे अधिकारियों कर्मचारियों से कहीं। इस दौरान सीईओ श्री गेमावत ने विभिन्न कक्षों में आयोजित प्रशिक्षण को नजदीक से देखा और सुना। उन्होंने लोक सेवकों से माकपोल, बी यू सी यू मशीनों के मतदान केंद्रों में अचानक कार्य नहीं करने की स्थिति में आने वाली स्थितियों से निपटने के संबंध में सवाल किए। कुछ लोकसेवकों के द्वारा प्रश्नों के ठीक-ठाक जवाब नहीं मिलने पर ट्रेनिंग को एक घंटे और अधिक समय तक चलने के निर्देश मास्टर ट्रेनर्स को दिए। इस दौरान निर्वाचन प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी डी के पासी, सहायक नोडल अधिकारी अभय जैन, जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के सीईओ युजवेंद्र कोरी एवं अन्य की उपस्थिति रही।


