कटनी।कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवि प्रसाद ने कल बीती शाम को जिले के दर्जन भर मतदान केंद्रों में पहुंचकर यहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली।साथ ही मतदाता पर्ची वितरण कार्य का भी निरीक्षण किया और औचक तौर पर मतदाताओं से मतदाता पर्ची मिलने की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान एसडीएम कटनी राकेश चौरसिया, नगरनिगम आयुक्त विनोद कुमार शुक्ला ,नायब तहसीलदार अतुलेश सिंह बघेल,जनपद पंचायत कटनी के सीईओ प्रदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन कार्य कर रहा प्रत्येक कर्मचारी खास है। इसलिए उसकी जरूरत और स्थानीय स्तर पर सहज उपलब्धता के अनुसार सुविधा मुहैया कराई जाये।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने जहां मतदान केंद्रो में मतदान दलों और मतदाताओं की सुविधा के मद्देनजर जरूरी इंतजामों के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने मतदान केंद्रो में अकस्मात् विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में किए गए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर रिचार्जेबल बल्ब और इमरजेंसी लाइट की उपलब्धता को देखा और स्वयं इसका बटन दबाकर इसके क्रियाशील होने का डेमो देखा।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने मतदान कर्मियों के ठहरने की व्यवस्था के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया कि उन्हें मतदान केंद्र तक जाने और ठहरने के माकूल इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं ।उन्होंने मतदान केंद्र क्रमांक 247 पीडब्ल्यूडी ऑफिस, रॉबर्ट लाइन मतदान केंद्र क्रमांक 228, 233, 237 और मतदान केंद्र क्रमांक कैरिन लाइन 236 ,238 और 239 सहित नदीपार मतदान केंद्र क्रमांक 77 एवं 82 तथा पुरवार स्कूल स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 79,80 और 83 तथा कुठला स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 71,73 एवं 74 का निरीक्षण किया।
उन्होंने मतदान दलों को ठहराने के नजरिए से नगर निगम क्षेत्र स्थित गुरुनानक धर्मशाला का मुआयना किया और जरूरी व्यवस्थाओं के लिए अफसरों को ताकीद किया।


