कटनी। मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र 93 के कांग्रेस प्रत्याशी मिथिलेश जैन सघन जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं। विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से मुलाकात करने के अलावा आज उन्होंने शहर के मुख्य बाजार स्थित घंटाघर क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान श्री जैन कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मिलने उनके घर और प्रतिष्ठान पहुंचे। कांग्रेस प्रत्याशी श्री जैन का स्वागत खुले मन से पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने करते हुए उन्हें चुनावी रण पर विजय प्राप्त करने की शुभकामना देते हुए पार्टी की जीत के लिए हर संभव मदद करने का वादा किया।
अपने सघन जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान मुड़वारा कांग्रेस प्रत्याशी मिथिलेश जैन ने आज नगर के ह्रदय स्थल घंटाघर क्षेत्र में भ्रमण कर घर घर जाकर सभी से मुलाकात की।
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवी मोहन बत्रा के प्रतिष्ठान में पहुंचकर कांग्रेस प्रत्याशी मिथिलेश जैन ने उनसे मुलाकात की और अपनी भावी रणनीतियों से उन्हें परिचित कराया। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी श्री जैन के साथ युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंशु मिश्रा, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता महेंद्र जैन सहित दर्जनों की संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी श्री बत्रा ने उन्हें जीत की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कदम से कदम मिला कर साथ चलने का भरोसा भी दिलाया। कांग्रेस प्रत्याशी श्री जैन ने इसके साथ ही घंटाघर क्षेत्र में मौजूद प्रत्येक व्यापारिक प्रतिष्ठान में जाकर व्यापारियों और उनके कर्मचारियों से मुलाकात की। श्री जैन जिस भी प्रतिष्ठा में पहुंचे वहां पर उनका लोगों ने खुले दिल से स्वागत करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी तरह साथ देने और सत्ता परिवर्तन करने का भरोसा दिलाया।


