कटनी (13 जुलाई ) – जिले में समर्थन मूल्य पर किसानों से ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन कार्य जारी है। किसानों से 31 जुलाई तक मूंग की खरीदी की जाएगी। कलेक्टर अवि प्रसाद नें गुरूवार को विकासखण्ड ढीमरखेड़ा के झिन्ना पिपरिया मूंग उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया।
कलेक्टर श्री अवि प्रसाद वेयर हाऊस में अब तक खरीदी गई मूंग एवं वेयर हाऊस द्वारा जारी किये गये स्वीकृति पत्रकों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा बुक किये गये स्लॉट के अनुसार ही खरीदी की जाये। उपार्जन केन्द्र में मूंग की सफाई हेतु लगाये गए ग्रेडर का अवलोकन कर जिले के अन्य उपार्जन केन्द्रों में भी झिन्ना पिपरिया की तर्ज पर ग्रेडर लगानें के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिया कि वर्तमान मौसम को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से उपार्जन केन्द्र मंे पन्नी एवं तिरपाल की व्यवस्था सुनिश्चित करनें के साथ ही उपार्जन केन्द्र पहुंच मार्ग मरम्मत कराने के निर्देश दिए ताकि वाहनों की सुगत आवाजाही हो सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री प्रसाद ने उपार्जन केन्द्र मंे उपस्थित किसानों से संवाद भी किया तथा उन्हे आश्वस्त किया गया कि हमारा यही प्रयास होगा की किसानों का एक भी दाना रिजेक्ट न हो। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय ग्रामीण कुंजीलाल पटेल द्वारा रिकार्ड दुरूस्त न होने संबंधी जानकारी दिये जाने पर एस.डी.एम श्रीमती विंकी उईके सिंहमारे को रिकार्ड दुरूस्त करानें हेतु निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी बालेन्द्र शुक्ला, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ढीमरखेडा विनोद पाण्डे, उपसंचालक कृषि मनीष मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों एवं ग्रामीणजनों की मौजूदगी रही।


