रिपोर्टर सीमा कैथवास
अमृत सरोवर के कार्यों को करवाया प्रारंभ
नर्मदापुरम। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नर्मदापुरम श्री सोजान सिंह रावत द्वारा 17 मई को जनपद पंचायत बनखेड़ी की विभिन्न ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजना अंतर्गत बन रहे अमृत सरोवर कार्यो, स्वच्छ भारत मिशन व अन्य विभागीय योजना के कार्यों का निरीक्षण किया गया। साथ ही आंगनवाडी केंद्र में निरीक्षण कर पोषण आहार वितरण की जानकारी भी ली गई ।
सीईओ जिला पंचायत श्री रावत द्वारा बनखेड़ी की ग्राम पंचायत वाचावानी, धड़ावपडाव, मुर्गी ढाना, पिपरपानी, एवं सोहागपुर की ग्राम पंचायत शोभापुर का भ्रमण किया गया । ज्ञात हो कि इन ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवर कार्य स्वीकृत होने के बाद से प्रगति रुकी हुई थी क्योंकि स्थलों पर भूमि विवाद था उक्त विवादों का निराकरण भी ज़िला पँचायत सीईओ द्वारा स्थल पर ही करवाया गया। स्थल पर निराकरण हो सके इस हेतु राजस्व विभाग, वन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग के अमले को स्थलों पर ही बुलाया गया था। सीईओ जिला पंचायत श्री रावत के प्रयासों से ही विगत सप्ताह सोहागपुर जनपद के नवीन सरोवर प्रारंभ हो सके थे। अमृत सरोवर की क्रियान्वयन एजेंसी को निर्देश दिए गए कि यदि कार्य प्रारंभ कर 15 दिवस में पूर्ण नहीं किये जाएंगे तो जो राशि व्यय हुई है। उसकी वसूली की जाएगी व पंचायत राज अधिनियम की धाराओं में कार्यवाही भी की जाएगी।
जिला पंचायत सीईओ द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण भी किया गया वाचावानी के आंगनवाड़ी क्रमांक 1 में विगत माह की 28 तारीख से पोषण आहार वितरण न होने की शिकायत मिलने पर आहार वितरण में संलग्न समूह को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायतों में श्रमिकों से मनरेगा योजना पर चर्चा की गई। पंचायतों में भ्रमण कर साफ सफाई का निरीक्षण किया गया । जल भराव के स्थलों पर सोखता गढ्ढे बनाने व कचरे के निपटान हेतु नाडेप बनाने के निर्देश दिए गए।
सोहागपुर की ग्राम पंचायत शोभापुर में बायोगैस सँयन्त्र का निरीक्षण किया कार्य को जून माह तक अनिवार्यतः पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। भृमण के दौरान कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा श्री के.एस मिर्धा, जनपद सीईओ बनखेडी श्री सतीश अग्रवाल, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन प्रीति बरकड़े, परियोजना अधिकारी मनरेगा अभिषेक तिवारी व विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
