रिपोर्टर सीमा कैथवास
सेमरी हरचंद। शासकीय उचित मूल्य की दुकाने कमीशन बढवाने को लेकर हड़ताल पर हैं जिसके चलते ग्रामवासी परेशान हैं। क्षेत्र के राशन दुकान विक्रेता से पूछने पर उन्होंने बताया कि शासन द्वारा शासकीय उचित मूल्य की दुकान के संचालकों को ₹90 प्रति क्विंटल के हिसाब से राशन वितरण करने का कमीशन देती है जो कि काफी कम है। प्रदेश स्तर पर शासकीय उचित मूल्य की दुकान के संचालकों द्वारा ₹200 प्रति क्विंटल के हिसाब से कमीशन देने हेतु सभी शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालक हड़ताल पर हैं जब तक शासन द्वारा हमें उचित कमीशन नहीं प्राप्त होता एवं 2 किलो प्रति बोरी शार्ट का नियम लागू नहीं होता है हमारी प्रदेश व्यापी हड़ताल जारी रहेगी । इस विषय में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुहागपुर राजेश श्रीवास्तव से पूछने पर उन्होंने बताया कि अभी तक हड़ताल के कारण शासकीय उचित मूल्य की दुकान बंद थी। ग्रामीण हितग्राहियों की समस्या को देखते हुए राशन दुकान संचालकों ने प्रशासन के सहयोग में राशन बांटने हेतु हां कह दी है एवं राशन दुकानें संचालित करने का आश्वासन दिया है।
