कटनी ( 05 अप्रैल ) – हैलो …. मैं कलेक्टर ……..कटनी अवि प्रसाद …. बोल रहा हूॅ…… आपका पी.पी.ओ. का पैसा मिल गया। यह सुनते ही गुरूनानक वार्ड निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक मनीष चन्द्र पुरोहित को सहसा अपने कानों पर भरोसा ही नहीं हो रहा था ……….. कि कोई कलेक्टर स्वयं उनसे फोन करके उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले, उनकी समस्या पूछे और जिसके लिए वे पिछले दो साल से दफ्तरों के चक्कर लगा रहे थे, उसके निराकरण की सूचना स्वयं कलेक्टर फोन करके दे। मैने तो कम से कम अपनी जिदगीं मे इतना रहमदिल और संवेदनशील कलेक्टर नहीं देखा। यह कहना है सेवानिवृत्त शिक्षक श्री पुरोहित का।
कलेक्टर से बात होने के बाद श्री पुरोहित की आंखों में खुशी के आंसू और चेहरे मे कृतज्ञता के भाव थे, कि जिस काम के लिए वे वर्षो भटके वह काम कलेक्टर श्री प्रसाद के संज्ञान मे आते ही कुछ दिनों मे ही हल हो गया। दरअसल पर कलेक्टर अवि प्रसाद की पहल और प्रयासों से सेवानिवृत्त प्राचार्य मनीष चन्द्र पुरोहित का दो साल से लंबित पेेंशन प्रकरण का निराकरण हो गया।
कलेक्टर अवि प्रसाद के निर्देश पर जिला पेंशन अधिकारी शैलेष गुप्ता ने बुधवार को श्री पुरोहित के गुरूनानक वार्ड स्थित आवास पहुंचकर करीब 25 लाख रूपये की ग्रेच्युटी और पी.पी.ओ प्रदान किया।
श्री पुरोहित ने रूंधे गले से कलेक्टर से कहा कि अस्वस्थ्ता की वजह से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लिए दो साल हो गए थे। लेकिन स्वत्वों व पी.पी.ओ का भुगतान नहीं हो पा रहा था लेकिन आपके प्रयास और निर्देश पर मुझे बुधवार को जिला पेंशन अधिकारी श्री गुप्ता ने मेरे घर आकर पी.पी.ओ प्रदान किया। मुझे बहुत खुशी हुई।
उल्लेखनीय है कि शिक्षक मनीष चन्द्र पुरोहित ने 31 मई 2021 को अपने स्वास्थ्यगत कारणों से स्वेच्छिक सेवानिवृत्ति ले लिया था। जिसके बाद से कलेक्ट्रेट के कई चक्कर लगाने के बाद भी उन्हे पिछले करीब दो साल से पी.पी.ओ की लंबित राशि का भुगतान नहीं हो पा रहा था।