सीमा कैथवास की रिपोर्ट
नर्मदापुरम ।।भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल नें कलेक्टर नीरज सिंह से मुलाकात कर किसान संबंधी समस्याओं के निराकरण करनें की मांग की । भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री उदय पाण्डेय नें बताया कि आगामी ग्रीष्मकालीन मूंग की सिंचाई हेतु लेफ्ट केनाल ( इटारसी,सिवनीमालवा,हरदा ) में दिनांक- 1 अप्रैल से पानी छोड़ा जाए, नर्मदापुरम जिले में गेंहूं कटाई शेष है ऐसी स्थिति में अगर समय के पूर्व ही नहर में पानी छोड़ा जाता है तो नरबाई की आग से गेंहूं की खड़ी फसलों के नुकसान होनें की आशंका है, इटारसी तहसील में गेंहूं कटाई को 10 दिन शेष है इसलिए नहर में दिनांक 1 अप्रैल से ही पानी छोड़ा जाना उचित रहेगा, इसके अलावा राइट केनाल ( बाबई,सोहागपुर ) में दिनांक 5 अप्रैल से ही पानी छोड़ा जाए जोकि किसान हित मे़ रहेगा एवं परिणामस्वरूप नर्मदापुरम् जिले को भी पर्याप्त मात्रा में पानी मिल सकेगा ।
ये मांगे भी रखी जिलाधीश के सामने –
1 – प्राकृतिक आपदा के कारण गेंहू़ एवं चना की फसलों को भारी नुकसान हुआ है, ऐसी स्थिति मे़ शीघ्रता से सर्वे कराया जाए एवं आरबीसी 6/4 के अंतर्गत किसानों को राहत प्रदान की जावे,इसके अलावा अत्यधिक मात्रा में खराब हुई फसलों का प्रत्येक हल्कों में शीघ्रता से फसल कटाई प्रयोग किया जाए ।
2 – अनियमित बारिश से खराब गेंहूं,चना हुई फसलों के उपार्जन के समय एफएक्यू की मानकों में शिथिलता बरती जाए ।
3 – आगामी ग्रीष्मकालीन मूंग की बोबनी हेतु अनुदान पर बीज उपलब्ध कराए जावे, जिससे बीज हेतु बाजार पर आश्रित न होना पड़े ।
बैठक में ये रहे उपस्थित –
बैठक में भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री उदय कुमार पांडे, जिला सहमंत्री रजत दुबे, जल संसाधन प्रभारी संजय लौवंशी, संभाग मंडी प्रभारी श्यामशरण तिवारी, उपाध्यक्ष लखनलाल चौधरी, तहसील अध्यक्ष शंकरसिंह पटेल, जगदीश कुशवाहा आदि उपस्थित रहे ।
