जबलपुर, 10 फरवरी, 2023 आम नागरिकों को उनके क्षेत्र में हुये विकास कार्यों की तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी देने संत रविदास जी की जंयती 5 फरवरी से शुरू हुई विकास यात्रायें आज छठवें दिन भी जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में जारी रही। छठवें दिन की विकास यात्रा में भी हितग्राहियों से संवाद के कार्यक्रम आयोजित किये गये। हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। घर-घर सर्वे कर शेष पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ देने चिन्हित किया गया। स्वच्छता संवाद के कार्यक्रम भी हुये तथा नागरिकों को नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया गया। स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किये गये तथा निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया गया। विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पूर्व:- विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पूर्व में आज विकास यात्रा की शुरूआत कांचघर चौक से कन्या पूजन कर एवं कलश यात्रा निकालकर की गई। यात्रा चुंगी चौकी, नारायण चौक, झण्डा चौक, गोपाल होटल, शुक्ला होटल एवं सिंधी गुरूद्वारा से निकाली गई। इस दौरान उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया गया तथा स्वच्छता श्रमदाता एवं सफाई मित्रों का सम्मान भी किया गया। निर्माण कार्यों का भूमि पूजन भी विकास यात्रा में किया गया। यात्रा में श्री रत्नेश सोनकर, क्षेत्र के पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पश्चिम:- विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पश्चिम में छठवें दिन विकास यात्रा गिरिराज किशोर कपूर वार्ड में निकाली गई। कलश यात्रा से प्रारंभ हुई विकास यात्रा में आंगनबाड़ी केन्द्र गुप्तेश्वर में कन्या पूजन किया गया। शक्तिनगर में जनसंपर्क किया गया तथा कृपाल चौक में नशा मुक्ति शपथ नागरिकों को दिलाई गई। कोल माइन्स में पौधारोपण एवं निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। विकास यात्रा के दौरान गुप्तेश्वर मंदिर के समीप आयोजित संवाद कार्यक्रम में करीब 80 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ वितरित किया गया। स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र भी प्रदान किये गये। यात्रा में शहीद गुलाब सिंह वार्ड में 18 लाख 55 हजार रूपये की लागत से सड़क निर्माण कार्यक्रम का भूमि पूजन किया गया। यात्रा में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. जीतेन्द्र जामदार एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। विधानसभा क्षेत्र जबलपुर केण्ट:- विधानसभा क्षेत्र जबलपुर केण्ट में छठवें दिन विकास यात्रा छावनी परिषद के वार्ड नम्बर एक में निकाली गई। विधायक श्री अशोक रोहाणी ने यात्रा के दौरान लोगों से संवाद कर केन्द्र एवं राज्य शासन की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण भी किया तथा उवर्धा हाउस में 6.53 लाख रूपये की लागत से बनने वाली सड़क का भूमि पूजन किया तथा 7 लाख रूपये की लागत से बने मंदिर के रंगमंच का लोकार्पण किया। विधानसभा क्षेत्र जबलपुर उत्तर:- विधानसभा क्षेत्र जबलपुर उत्तर में आज निकाली गई विकास यात्रा में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद वार्ड में उचित मूल्य दुकान एवं निर्माणाधीन शासकीय संस्कृत महाविद्यालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा सफाई मित्रों का सम्मान किया गया। यात्रा की शुरूआत कन्या पूजन एवं कलश यात्रा से की गई। हितग्राही संवाद का कार्यक्रम भी आयोजित किया तथा शासकीय योजनाओं से हितग्राहियों को लाभांवित किया गया। प्रधानमंत्री स्व निधि योजना के तहत पथ विक्रेता कुंदन लाल कोष्टा को व्यवसाय हेतु दस हजार रूपये तथा सतीश कोष्टा को 20 हजार रूपये की ऋण राशि का चेक प्रदान किया गया। श्री अखिलेश जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, पूर्व मंत्री शरद जैन एवं श्री पंकज दुबे यात्रा में शामिल थे। विधानसभा क्षेत्र सिहोरा:- विधानसभा क्षेत्र सिहोरा में विकास यात्रा जनपद पंचायत कुंडम के ग्राम अंधार में विधायक श्रीमती नंदिनी मरावी ने लाड़ली लक्ष्मी योजना की लाभार्थी बच्चियों का सम्मान किया तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभांवित किया। ग्राम बड़खेरा, जमगांव एवं कुगंवा में हितग्राही संवाद के कार्यक्रम हुये। विधानसभा क्षेत्र बरगी:- विधानसभा क्षेत्र बरगी में छठवें दिन की विकास यात्रा में ग्राम सालीवाड़ा देवदार में कलश यात्रा निकाली गई। नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी यहां किया गया। आंगनबाड़ी केन्द्र भवन का लोकार्पण किया गया। विकास यात्रा के दौरान ग्राम रैपुरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों में हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया गया तथा नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। बरगी विधानसभा क्षेत्र बरगी की विकास यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संतोष बरकड़े एवं पूर्व विधायक श्रीमति प्रतिभा सिंह आदि मौजूद रहे। विकास यात्रा ग्राम रेंगाझेरी एवं तिन्सी भी पहुंची तथा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया गया। विधानसभा क्षेत्र पाटन : कटाव में 1 करोड़ 20 लाख के पुल निर्माण कार्य का भूमि पूजन विधानसभा क्षेत्र पाटन में शुक्रवार को विकास यात्रा मझौली जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम मझगंवा पाली, बनखेड़ी, पोड़ी छपरी, उमरिया जुझारी में हितग्राही संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम दोनी में घर-घर सर्वे कर योजनाओं का लाभ लेने में शेष रह गये पात्र व्यक्तियों को चिन्हित किया गया। विधायक श्री अजय विश्नोई ने यात्रा के दौरान संतो के सानिध्य में पर्यटन विकास निगम द्वारा कराये जा रहे करीब 1 करोड़ 20 लाख रूपये की लागत से कटाव धाम में पुल निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने ग्राम महगंवा बम्होरी में जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल से जलापूर्ति की नल जल योजना का लोकार्पण भी किया।
