पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार CGST (सेंट्रल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स) सुपरिंटेंडेंट लवकुश कुमार के खिलाफ CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी अधिकारी के आवास पर की गई छापेमारी में करीब 1.86 करोड़ रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, सोने की ईंटें और विदेशी मुद्रा बरामद की गई है। इस कार्रवाई के बाद सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, CBI ने दो दिन पहले आरोपी अधिकारी को 10 लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद 20 नवंबर को एजेंसी ने उसके आवास पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती सामान मिलने से जांच का दायरा और बढ़ गया है।
घर से मिले करोड़ों रुपये और सोना
CBI की कार्रवाई के दौरान करीब 1.86 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी के अलावा सोने-चांदी के आभूषण, सोने की ईंटें और विदेशी करेंसी बरामद की गई। एजेंसी द्वारा जारी तस्वीरों में 100, 200 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां भी दिखाई गई हैं।
संपत्तियों और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज जब्त
छापेमारी के दौरान CBI ने आरोपी अधिकारी और उसके परिजनों के नाम पर कथित बेनामी संपत्तियों, बैंक खातों और निवेश से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं। अब एजेंसी इन दस्तावेजों की जांच कर संपत्तियों और निवेश के स्रोतों का पता लगाने में जुटी है।
रिश्वत के मामले से शुरू हुई कार्रवाई
बताया गया है कि 10 लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद CBI ने आरोपी अधिकारी के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। अब बरामद नकदी, सोने और अन्य संपत्तियों को लेकर जांच की जा रही है।
MP NEWS CAST

