*छिंदवाड़ा*
नगरवासियों की अटूट आस्था के केंद्र और देश-विदेश में अपनी दिव्य आभा बिखेरने वाले राजाधिराज दक्षिणमुखी सिद्धेश्वर भगवान श्री गणेश ‘छिंदवाड़ा के महाराजा’ के पावन नाम पर शहर के एक प्रमुख मार्ग का नामकरण किया गया है। नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा की मेयर-इन-काउंसिल द्वारा कलेक्टर बंगला से लेकर पुरानी सब्जी मंडी तक के मार्ग को आधिकारिक रूप से ‘महाराजा मार्ग’ घोषित किया गया है। इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक निर्णय से पूरे शहर के श्रद्धालुओं व गणमान्य नागरिकों में हर्ष और उल्लास की लहर दौड़ गई है।
*पूरे जिले की आस्था का केंद्र हैं ‘छिंदवाड़ा के महाराजा’*
‘छिंदवाड़ा के महाराजा’ के मीडिया प्रभारी जितेन्द्र अलबेला ने जानकारी देते हुए बताया कि महाराज श्री की भव्य प्रतिमा के दर्शन और महाआरती के लिए शहर की प्रत्येक गणेश उत्सव समिति सहित जिले भर से हजारों श्रद्धालु श्रद्धाभाव से पहुंचते हैं। यह मार्ग केवल एक रास्ता नहीं, बल्कि भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। इस उपलब्धि से ‘छिंदवाड़ा के महाराजा’ परिवार में अत्यंत हर्ष का माहौल है और यह निर्णय पूरे जिले के लिए गौरव का विषय बन गया है।
*गणराज वेलफेयर सोसाइटी ने जताया आभार*
जनभावनाओं और धार्मिक आस्था के अनुरूप लिए गए इस सराहनीय निर्णय पर गणराज वेलफेयर सोसाइटी ने नगर पालिक निगम की मेयर-इन-काउंसिल के समस्त पदाधिकारियों, पार्षदगणों तथा निगम के सभी अधिकारी-कर्मचारियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।
सोसाइटी के पदाधिकारियों ने कहा कि ‘छिंदवाड़ा के महाराजा’ के प्रति नगरवासियों की अपार श्रद्धा है। शहर के इस व्यस्ततम और महत्वपूर्ण मार्ग को ‘महाराजा मार्ग’ का नाम देना न केवल हमारी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है, बल्कि इससे छिंदवाड़ा की आध्यात्मिक पहचान को भी एक नया आयाम और गौरव प्राप्त हुआ है।


