कटनी। लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO Act) के प्रभावी क्रियान्वयन, बाल अधिकारों की सुरक्षा एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा द्वारा पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत किए गए विभिन्न कानूनी प्रावधानों, संबंधित धाराओं एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने अधिनियम की धारा 43 के प्रावधानों से अवगत कराते हुए बालकों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों की रोकथाम, पीड़ित बच्चों के संरक्षण तथा ऐसे मामलों में संबंधित विभागों की भूमिका के बारे में मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती वनश्री कुर्वेती द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए पॉक्सो एक्ट के विभिन्न प्रावधानों एवं बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।
इसके साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली विधिक सेवाओं एवं सहायता के संबंध में भी जानकारी दी गई, ताकि जरूरतमंद व्यक्तियों एवं पीड़ित बच्चों तक विधिक सहायता पहुंचाई जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के बाल विकास परियोजना अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वॉलंटियर्स, वन स्टॉप सेंटर के प्रतिनिधि, आवाज एनजीओ के प्रतिनिधि, जिले में संचालित समस्त बाल देखरेख संस्थाओं के अधीक्षक तथा किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना तथा बालकों के संरक्षण एवं उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करना रहा।


