बड़वारा में सामाजिक कार्यकर्ता जय सूर्यवंशी ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने और किसानों को मुआवजा देने की उठाई मांग
कटनी (बड़वारा)। जिले के बड़वारा क्षेत्र में VNR कंपनी के धान बीज को लेकर किसानों की परेशानी का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत रोहनिया के किसानों की करीब 10 से 12 एकड़ में लगी धान की फसल में बालियां नहीं निकलने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। मामले को लेकर
सामाजिक कार्यकर्ता जय सूर्यवंशी ने किसानों के समर्थन में बड़वारा तहसीलदार श्री ऋषि गौतम को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि किसानों को नुकसान पहुंचाने के आरोपों से घिरी VNR बीज कंपनी के बीजों की बिक्री कटनी जिले में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित की जाए तथा कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए।
10 से 12 एकड़ में फसल बर्बाद, पौधों में नहीं निकली बालियां
सामाजिक कार्यकर्ता जय सूर्यवंशी ने बताया कि खरीफ सीजन में ग्राम पंचायत रोहनिया के किसानों ने बड़वारा स्थित स्थानीय विक्रेता ‘अंकिता खाद बीज भंडार’ से VNR कंपनी के धान के बीज खरीदे थे। किसानों ने इन बीजों की बुवाई अपने खेतों में की और पूरी मेहनत के साथ खाद, पानी एवं अन्य जरूरी संसाधनों पर खर्च किया।
लेकिन जब फसल तैयार होने का समय आया तो धान के पौधों में बालियां ही नहीं निकलीं। करीब 10 से 12 एकड़ में फसल की यह स्थिति सामने आने से किसानों की पूरी मेहनत और लागत पर पानी फिर गया। किसानों के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
कृषि विभाग की जांच में बीज की गुणवत्ता पर सवाल
मामले की शिकायत के बाद कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों द्वारा प्रभावित खेतों का निरीक्षण किए जाने की बात सामने आई है। जय सूर्यवंशी के अनुसार, जांच में बीज की गुणवत्ता को लेकर गंभीर खामियां सामने आई हैं। किसानों का आरोप है कि कंपनी और संबंधित विक्रेता अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए फसल में आई समस्या को रोग बताकर मामले को टालने का प्रयास कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि अलग-अलग खेतों में एक जैसी समस्या सामने आना और आसपास के खेतों में अन्य किस्म के धान की फसल का सामान्य रूप से तैयार होना बीज की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। किसानों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में रखीं ये प्रमुख मांगें
सामाजिक कार्यकर्ता जय सूर्यवंशी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में प्रशासन से निम्नलिखित मांगें की गई हैं—
VNR बीज की बिक्री पर प्रतिबंध: कटनी जिले में VNR कंपनी के बीजों की बिक्री तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित की जाए और कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए।
बीज विक्रेता पर कार्रवाई: अंकिता खाद बीज भंडार, बड़वारा के विरुद्ध जांच कर दोषी पाए जाने पर कठोर प्रशासनिक एवं वैधानिक कार्रवाई की जाए।
कंपनी और विक्रेता पर प्रकरण दर्ज हो: जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी कंपनी प्रबंधन और विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।
पीड़ित किसानों को मुआवजा: ग्राम पंचायत रोहनिया के प्रभावित किसानों को फसल की लागत और हुए नुकसान के आधार पर उचित मुआवजा दिलाया जाए।
बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम पंचायत रोहनिया के पीड़ित किसान कमला कचेर, होरी लाल, संदीप, ओम प्रकाश, राकेश और सोनेलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
सामाजिक कार्यकर्ता जय सूर्यवंशी ने प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर किसानों को न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि VNR कंपनी और संबंधित विक्रेता के खिलाफ जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई तथा किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिला, तो किसानों के हितों की रक्षा के लिए व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और संबंधित कंपनी की होगी।
अब देखना होगा कि किसानों की मेहनत और उनकी फसल को हुए नुकसान के इस मामले में जिला प्रशासन क्या कदम उठाता है और प्रभावित किसानों को कब तक राहत मिल पाती है।


