**छिंदवाड़ा।** गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की प्रार्थना एवं विनती के साथ इस संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से छिंदवाड़ा के युवाओं द्वारा 551 किलोमीटर की भव्य माँ बगलामुखी पदयात्रा प्रारंभ की गई है। यह पदयात्रा छिंदवाड़ा से माँ बगलामुखी मंदिर, नलखेड़ा तक निकाली जा रही है।
इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य माँ गौ माता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने की मांग एवं देश के जन-जन तक पहुँचाना है। युवाओं ने माँ बगलामुखी के दरबार में प्रार्थना और विनती के साथ संकल्प लिया है कि गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की आवाज को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
पदयात्रा के दौरान देश के वीर जवानों की दीर्घायु एवं सम्मान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक संदेश भी दिए जा रहे हैं। यात्रा के दौरान प्रतिदिन पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश देने का भी संकल्प है।
शहर में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा पदयात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने पुष्पमालाओं एवं पुष्पवर्षा के साथ युवाओं का उत्साहवर्धन किया और इस अभियान की सराहना की।
आयोजक अखिल सूर्यवंशी एवं अजय सूर्यवंशी ने कहा कि यह पदयात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि गौ माता के सम्मान और संरक्षण के लिए युवाओं की एक जनजागरण पहल है। उन्होंने आमजन, सामाजिक संगठनों एवं धर्मप्रेमियों से आग्रह किया कि इस संकल्प में सहभागी बनें और पदयात्रा में कम से कम 5 कदम चलकर अपना योगदान दें।
पदयात्रा का समापन माँ बगलामुखी दरबार नलखेड़ा में माता के श्रृंगार, महाआरती, हवन के साथ किया जाएगा।

