दीपोत्सव की खुशियों के साथ स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का भी लें संकल्प : मनीष पाठक
कटनी। दीपों की रोशनी से जगमगाते दीपावली के पावन पर्व एवं गोवर्धन पूजा के शुभ अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक ने समस्त नगरवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं, बल्कि जीवन से अंधकार, निराशा और नकारात्मकता को दूर कर प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने का महापर्व है। यह पर्व हमें आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सौहार्द को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
निगमाध्यक्ष श्री पाठक ने मां लक्ष्मी से प्रार्थना करते हुए कामना की कि दीपों का यह पावन उत्सव प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली लेकर आए। नगर का प्रत्येक नागरिक उन्नति के नए आयाम स्थापित करे और कटनी विकास, स्वच्छता एवं सुंदरता की नई पहचान बनाए।
उन्होंने नगरवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि दीपोत्सव की खुशियों के बीच स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को भी अपनी प्राथमिकता बनाएं। आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें, ध्वनि एवं वायु प्रदूषण से बचें तथा पर्व के बाद अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।
श्री मनीष पाठक ने कहा कि त्योहार की वास्तविक खुशियां तभी सार्थक होंगी, जब हमारा शहर स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनेगा। आइए, इस दीपावली खुशियों के दीप जलाने के साथ स्वच्छ एवं विकसित कटनी बनाने का भी संकल्प लें।

