कटनी। गोवर्धन पूजा की पावन संध्या पर कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसायटी (पंजी.) द्वारा कटाये घाट नदी तट पर सामूहिक दीपदान एवं दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी संस्था के सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ दीप प्रज्वलित कर माँ नर्मदा एवं प्रकृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती रोशनी जायसवाल ने की। दीपदान उपरांत सभी सदस्यों ने प्रभु श्रीराम एवं रामभक्त हनुमान जी के दर्शन कर संस्था की निरंतर प्रगति, समाजसेवा के कार्यों की सफलता एवं सभी के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इसके पश्चात नदी में रहने वाली मछलियों को दाना खिलाकर जीवों के प्रति करुणा एवं संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने मानव सेवा, गौ सेवा एवं अन्य सामाजिक कार्यों को पूर्व की भांति निरंतर समर्पण और उत्साह के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव श्री अखिलेश पुरवार, श्रीमती मंजू शर्मा, श्री संतोष पांडे, अंकित बिलैया, शरद सोनी, श्रीमती रोशनी जायसवाल, रश्मि अग्रवाल, छवि गुप्ता, नेहा साहू, सिमरन शर्मा, धनश्री अग्रवाल सहित संस्था के अनेक सदस्य एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।
अंत में संस्था की ओर से कार्यक्रम में सहभागी सभी सदस्यों एवं परिवारजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

