वृंदावन। दीपों का पर्व दीपावली ब्रज में श्रद्धा, उल्लास और परंपराओं के साथ मनाया गया। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और दीपदान के बीच वृंदावन के प्रसिद्ध राधावल्लभ मंदिर में अनूठी परंपरा देखने को मिली। यहां दीपावली की रात राधावल्लभ लाल के सामने चौसर बिछाई गई और घंटों तक शह-मात का खेल चला। इस दौरान भक्तों ने दीपक जलाकर दीपदान किया और भगवान के मनमोहक स्वरूप के दर्शन किए।
भगवान के सामने बिछाई गई चौसर
दीपावली पर राधावल्लभ मंदिर में वर्ष में एक बार भगवान भक्तों के सामने चौसर खेलते हैं। अन्य दिनों में उनकी शयन शैय्या पर चौसर बिछाई जाती है। इस परंपरा के तहत दो पुजारी भगवान के प्रतिनिधि के रूप में पासा फेंकते हैं। इनमें एक पुजारी भगवान कृष्ण और दूसरे राधारानी के प्रतिनिधि होते हैं। घंटों चलने वाले इस खेल में अंत में जीत श्रीजी यानी राधारानी की होती है।
खेलत चौसर मैंन की माई
राधावल्लभ संप्रदाय में चौसर खेलने के दौरान विशेष पद गाया जाता है- ‘खेलत चौसर मैंन की माई, हास सिंगार भाव अनुराग की सार बनी सुखदाई।’ संप्रदाय के रसिकों द्वारा रचित इन पंक्तियों के साथ पुजारी बारी-बारी से पासा फेंकते हैं। खेल के दौरान कभी कृष्ण पक्ष तो कभी राधारानी पक्ष की जीत होती है, लेकिन अंत में विजय राधारानी की ही मानी जाती है।
चांदी की हटरी में विराजे राधावल्लभ लाल
दीपावली पर भगवान राधावल्लभ लाल ने विशेष स्वरूप में दर्शन दिए। राजा के रूप में उनका श्रृंगार कर चांदी की हटरी में विराजमान किया गया। भगवान ने लाल रंग की पोशाक धारण की और सिर पर मोर मुकुट सुशोभित रहा। दर्शन के लिए पहुंचे भक्त उनकी एक झलक पाने को लालायित नजर आए। मंदिर के पुजारी मोहित मराल गोस्वामी ने बताया कि यह भाव की लीला है।
भक्तों ने किया दीपदान
दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में दीपक जलाकर दीपदान किया। छत्तीसगढ़ से आई एक महिला भक्त ने बताया कि दीपावली पर भगवान के इतने सुंदर दर्शन कर उनका जीवन धन्य हो गया। गुजरात से आई कोमल ने बताया कि वह ब्रज दर्शन के लिए आई हैं। राधावल्लभ लाल के दर्शन और चौसर खेलते हुए भगवान की लीला पहली बार देखकर वह भावविभोर हो गईं। इस दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
#RadhaVallabhLal #Vrindavan #MathuraNews #Diwali2026 #BrajKiDiwali #RadhaRani #ShriKrishna #ChausarLeela #TempleNews #BrajDham #MathuraVrindavan #DiwaliCelebration #Deepदान #ViralNews #Trending #FacebookLive #InstagramReels #FYP #Explore #NewsUpdate #UPNews #BreakingNews

