कटनी। दीपावली पर्व पर उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूना संग्रहण की कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर त्योहार के दौरान मिठाई, मावा, दुग्ध उत्पाद एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कटनी शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर संदेह के आधार पर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। माधवनगर स्थित कृष्णा डेयरी से दूध एवं पनीर, सिल्वर टॉकीज रोड स्थित विजय जैन खोया भंडार से खोया बर्फी, झंडा बाजार स्थित दयालराज स्वीट्स से नारियल बर्फी तथा स्टेशन रोड स्थित अग्रवाल स्वीट्स से खोया बर्फी के नमूने जांच के लिए लिए गए।
निरीक्षण के दौरान कृष्णा डेयरी, माधवनगर में साफ-सफाई का अभाव एवं अस्वच्छता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया।
विभाग द्वारा संग्रहित सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा। नमूने अमानक पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान मिलावटी, अमानक एवं भ्रामक दावों के साथ बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


