प्रदीप मिश्रा: माचागोरा पाइपलाइन, भरतादेव फिल्टर टैंक का निरीक्षण; लापरवाही पर ‘जिओ मिलर’ की बैंक गारंटी जब्त करने के निर्देश*
छिंदवाड़ा। नगरीय विकास एवं आवास विभाग, मध्य प्रदेश शासन (भोपाल) के आयुक्त श्री संकेत भोंडवे के निर्देशों के अनुपालन में नगरीय प्रशासन भोपाल के प्रमुख अभियंता श्री प्रदीप मिश्रा छिंदवाड़ा पहुंचे। उन्होंने छिंदवाड़ा जिले के समस्त नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों, नगर निगम छिंदवाड़ा के तकनीकी अमले एवं समस्त निकायों के तकनीकी अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर पेयजल व्यवस्था एवं निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की। समीक्षा के दौरान शहर को सुगम जलापूर्ति सुनिश्चित करने हेतु माचागोरा से नई पाइपलाइन बिछाने के कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा इसके लिए आवश्यक वित्तीय प्रावधानों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्रमुख अभियंता ने भरतादेव स्थित फिल्टर प्लांट का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर बैक वॉश वाटर टैंक की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और जल शोधन प्रक्रिया को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। बैठक में वर्तमान में अल्प वर्षा के कारण उत्पन्न हो रहे पेयजल संकट, जल प्रदाय व्यवस्था, रोड रिस्टोरेशन वर्क (सड़क मरम्मत कार्य) एवं अमृत योजना के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों की बिंदुवार समीक्षा की गई। प्रमुख अभियंता श्री प्रदीप मिश्रा ने जल संकट की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि आवश्यकता पड़े तो निजी कुओं एवं बोरवेल का तत्काल अधिग्रहण कर नागरिकों के लिए सुगम पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। समीक्षा के दौरान अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत कार्य कर रही निर्माण एजेंसी जिओ मिलर के लचर रवैये और कार्य में लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताते हुए उसे कड़ी फटकार लगाई गई। प्रमुख अभियंता ने मौके पर ही ‘जिओ मिलर’ की बैंक गारंटी जब्त करने के कठोर निर्देश दिए। इसके साथ ही भविष्य के सभी निर्माण कार्यों में अनिवार्य रूप से ई-बैंक गारंटी (e-Bank Guarantee) लेने तथा ठेकेदारों से कार्य प्रगति का शपथ पत्र (Work Program Affidavit) जमा कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता और सतर्कता बरतने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई कि रोड रिस्टोरेशन वर्क में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। प्रमुख अभियंता ने स्पष्ट किया कि समयावधि और तय मानकों के अनुसार कार्य पूरा करने वाली उत्कृष्ट फर्मों व ठेकेदारों को जहां पुरस्कृत किया जाएगा, वहीं लापरवाही बरतने वाले संवेदकों पर कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक के समापन अवसर पर प्रमुख अभियंता श्री प्रदीप मिश्रा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री सी.पी. राय, कार्यपालन यंत्री श्री सोनू सकवार, श्री हिमांशु अतुलकर, संभागीय सहायक यंत्री श्री एस.के. गुप्ता सहित जिले के विभिन्न नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं तकनीकी अमला प्रमुख रूप से उपस्थित रहा।


