प्रशासनिक मुखिया की इस अनूठी पहल की अधिकारियों-कर्मचारियों ने की मुक्तकंठ से सराहना*
कटनी (5 नवंबर)। कार्यस्थल केवल शासकीय दायित्वों के निर्वहन का माध्यम ही नहीं, बल्कि आपसी समन्वय, सहयोग और आत्मीय संबंधों का भी केंद्र होता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर ने कार्यालयीन परिवार के साथ आत्मीय बैठक आयोजित कर विभागीय योजनाओं, गतिविधियों एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में प्रशासनिक समीक्षा के साथ संवाद, सौहार्द और पारिवारिक अपनत्व का भी अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीपावली के पावन पर्व की सपरिवार हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में दीपावली मनाने की अलग-अलग परंपराओं और रीति-रिवाजों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। साथ ही अधिकारियों-कर्मचारियों से भी उनके यहां दीपावली मनाने की परंपराओं, तैयारियों और अनुभवों के बारे में संवाद किया तथा सभी को खुलकर अपनी बात रखने का अवसर दिया। उनके इस सहज एवं आत्मीय व्यवहार से बैठक का माहौल औपचारिकता से आगे बढ़कर पारिवारिक संवाद में तब्दील हो गया। सुश्री कौर ने कहा कि दीपावली खुशियों, उमंग, प्रकाश, आपसी प्रेम और सौहार्द का पर्व है। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने परिवार, मित्रों एवं शुभचिंतकों के साथ इस पर्व को पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्येक लोक सेवक को कार्यालयीन समय में सौंपे गए शासकीय दायित्वों एवं कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, लगन और परिश्रम के साथ करना चाहिए। कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी ही एक बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की आधारशिला है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के लिए सभी को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। जिला पंचायत की प्रशासनिक मुखिया सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर की इस आत्मीय एवं अभिनव पहल का अधिकारियों-कर्मचारियों ने मुक्तकंठ से स्वागत एवं सराहना की। पहली बार इस तरह कार्यालयीन परिवार के साथ त्योहार की खुशियों, परंपराओं और व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करने के लिए आयोजित बैठक को कर्मचारियों ने सकारात्मक और प्रेरणादायी पहल बताया। उनका मानना था कि इस तरह के संवाद से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच आपसी विश्वास, समन्वय और कार्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को मजबूती मिलती है। इस दौरान लोक सेवकों को मिष्ठान वितरण किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुराग मोदी ने भी सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासकीय जिम्मेदारियों का पूरी तत्परता एवं गंभीरता से निर्वहन करने के साथ ही त्योहारों को भी उत्साह, उमंग और पारिवारिक सौहार्द के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। बैठक में परियोजना अधिकारी श्री ज्ञानेंद्र सिंह, लेखाधिकारी श्री सुरभित अग्रवाल, श्री ऋषि राज चढ़ार, श्री कमलेश सैनी, सहायक परियोजना अधिकारी श्री मृगेंद्र सिंह, श्रीमती विजय लक्ष्मी मरावी,श्री योगेंद्र कुमार असाटी, पंकज नामदेव, गोदफ्रिज किस्पोट्टा, श्री नरेश राठौर, श्री उमेश सोनी सहित जिला पंचायत के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में शासकीय कार्यों की समीक्षा के साथ दीपावली की खुशियां साझा करने और कार्यालयीन परिवार के बीच आत्मीयता एवं सकारात्मक संवाद को प्रोत्साहित करने का संदेश भी प्रमुखता से उभरकर सामने आया।


