कटनी। दीपावली जैसे बड़े पर्व पर जहां बाजारों में रौनक और चहल-पहल बढ़ती है, वहीं भीड़भाड़ एवं अस्थायी दुकानों के कारण आपातकालीन सेवाओं के सामने चुनौतियां भी बढ़ जाती हैं। ऐसी परिस्थितियों में किसी भी अग्नि दुर्घटना से निपटने में एक-एक मिनट की अहमियत को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने अग्नि सुरक्षा और त्वरित राहत व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशानुसार बुधवार शाम अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग की संयुक्त टीम ने फायर ब्रिगेड वाहन के साथ शहर के प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों पर विशेष पेट्रोलिंग कर आपातकालीन आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
*आपदा के समय फायर ब्रिगेड की हो त्वरित पहुंच*
पेट्रोलिंग के तृतीय चरण में सिविल लाइन फायर जोन से स्टेशन चौराहा, बरही रोड, खिरहनी फाटक ओवरब्रिज, गर्ग चौराहा, कारगिल चौराहा, खोवा मंडी, झंडा बाजार, शेर चौक एवं आजाद चौक होते हुए मिशन चौक तक फायर वाहन के साथ मार्गों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बाजारों में दुकानों के आसपास की स्थिति, मार्गों की उपलब्ध चौड़ाई तथा अग्निशमन वाहनों की निर्बाध आवाजाही में संभावित बाधाओं का जायजा लिया गया।
निगम प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य केवल पेट्रोलिंग तक सीमित नहीं, बल्कि पर्व के दौरान किसी भी अप्रत्याशित अग्नि दुर्घटना की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य के लिए पहले से ही रास्तों को सुगम और व्यवस्था को तत्पर बनाए रखना है। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में फायर ब्रिगेड की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग के बीच समन्वय के साथ सुरक्षा तैयारियों को मजबूत किया जा रहा है।
सहायक फायर प्रभारी श्री शैलेन्द्र कुमार दुबे ने बताया कि पर्व के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर पेट्रोलिंग एवं निरीक्षण का कार्य जारी है। पेट्रोलिंग के दौरान अतिक्रमण प्रभारी श्री मानेंद्र सिंह सहित अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग का अमला उपस्थित रहा।


