कटनी (मध्यप्रदेश)। शहर के मसुरहा वार्ड में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या ने स्थानीय रहवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। क्षेत्र के लोग आवारा कुत्तों के आतंक से परेशान हैं और लगातार भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन की ओर से समस्या के निराकरण को लेकर कोई ठोस पहल होती नजर नहीं आ रही है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर निगम में शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन शिकायत के बाद भी अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारी वर्ग का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर नहीं जा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
आखिर शिकायतों के बाद भी क्यों नहीं जाग रहा नगर निगम?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या नगर निगम प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? यदि आवारा कुत्तों के कारण किसी बच्चे, बुजुर्ग या राहगीर के साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
रहवासियों ने नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि मसुरहा वार्ड में तत्काल आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान कराया जाए, ताकि किसी संभावित हादसे को रोका जा सके।
अब देखना यह होगा कि रहवासियों की शिकायत पर नगर निगम प्रशासन कब जागता है, या फिर कार्रवाई के लिए किसी बड़ी घटना का इंतजार किया जाएगा?


