रिपोर्टर डॉ. सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। नवागत पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने जिला मुख्यालय के सराफा चौक क्षेत्र के सर्राफा व्यापारी की दुकान से करीब 65 लाख के स्वर्ण आभूषण चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर पत्रकार वार्ता के माध्यम से घटना का खुलासा कर अपराधियों के लिए एक मास्टर स्ट्रोक के माध्यम से संदेश दिया है। पूरे मामले का खुलासा करने में एसडीओपी जितेंद्र कुमार पाठक के नेतृत्व में सिटी कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला सहित पुलिस टीम का विशेष सहयोग रहा। जिन्होंने पुलिस अधीक्षक श्री शुक्ला सहित एएसपी अभिषेक राजन के निर्देशन में 24 घंटे
के भीतर इटारसी से आरोपी महिला को स्वर्ण आभूषणों सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस की इस उपलब्धि पर सर्राफा एसोसिएशन सहित व्यापारी संघ ने पुलिस टीम का सम्मान भी किया। पुलिस अधीक्षक श्री शुक्ला ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 2 नवंबर को थाना कोतवाली नर्मदापुरम में फरियादी आशीष कुमार जैन (63) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सराफा बाजार रघुनाथ गली में उनकी राज ज्वेलर्स की दुकान पर करीब दोपहर साढ़े 12 बजे चेहरे पर स्कार्फ बांधी अज्ञात महिला आई और चर्म रोग का बहाना बनाकर चेहरे से स्कार्फ हटाने से इनकार किया। पहले महिला ने मंगलसूत्र के पेंडल देखे,फिर एटीएम से पैसा लाने का कह कर चली गई। करीब 15 मिनट बाद वापस लौटी तो उसने कान के टॉप्स को दिखाने को कहा जैसे ही फरियादी उन्हें लेने बेसमेंट के रूम में गया। महिला ने बाहर से दरवाजा बंद कर काउंटर की दराज से सोने चांदी के आभूषणों के डब्बे को चुराकर फरार हो गई। जिसके बाद तत्काल पुलिस टीमों ने पृथक पृथक करीब 250 सीसीटीवी कैमरो के फुटेज खंगालते हुए तकनीकी साक्ष्य के आधार पर संदिग्ध महिला को इटारसी से खोज निकाला। आरोपी महिला पर इटारसी में भी पूर्व का ऐसा एक मामला दर्ज है। आरोपी महिला का नाम चाहत मंसूरी उर्फ मुस्कान पति निखिल लोट (28) निवासी चर्च के पीछे खेड़ा इटारसी है। जिसने घटना करना स्वीकार किया,साथ ही चोरी किए गए आभूषण विधिवत जप्त कर महिला को गिरफ्तार किया।
घटनाक्रम का विवरण –
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम दीपक कुमार शुक्ला (भापुसे) के मार्गदर्शन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम अभिषेक राजन के निर्देशन एवं एसडीओपी नर्मदापुरम जीतेन्द्र पाठक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला द्वारा हमराह बल के टीम गठित कर संपूर्ण कार्यवाही की गई ।
सराहनीय भूमिका –
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला, उनि वंशज श्रीवास्तव, उनि विशाल नागवे, उनि संजय रघुवंशी, प्र.आर. रितेश यदुवंशी, प्र.आर. राकेश भिलाला, म.प्र.आर. मनीषा कुमरे, आर. अजमेश चंद्रोल, आर. अविनाशी हरोडे (विशेष भूमिका), आर. गजेन्द्र डडोरे, आर. हरीश डिगरसे, म.आर. समीना खान, आर. सतीश नागवंशी, आर. धर्मेंद्र परिहार, आर. संतोष धाकड़, आर. विक्की राठौर, आर. रोहन पवार तथा थाना देहात के आर. कपिल विश्वकर्मा, आर. जितेंद्र एवं आर. सुनील साहू, सायबर सेल से आर. संदीप एवं आर. दीपेश।
नर्मदापुरम पुलिस की अपील-
सराफा व्यापारियों से अपील है कि चेहरा ढककर आने वाले संदिग्ध ग्राहकों के प्रति सतर्क रहें। ग्राहक की मौजूदगी में दुकान या काउंटर खुला छोड़कर न जाएं और दुकान के सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू रखें। कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल नज़दीकी थाने या डायल 112 पर सूचना दें।


