*निगमायुक्त ने की सफाई व्यवस्था की कटनी। आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु, प्रभावी और चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सफाई व्यवस्था की निगरानी और कचरा संग्रहण कार्यों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। घरों से निकलने वाले कचरे का समयबद्ध उठाव, कचरा वाहनों की नियमित उपलब्धता, डोर-टू-डोर संग्रहण की गति तथा शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के लिए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने स्वास्थ्य विभाग एवं कार्यरत एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था का प्रभाव केवल कागजों और रिपोर्ट में नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक वार्ड और गली में धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
इन्हीं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए शनिवार को निगम सभागार में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की बैठक में निगमायुक्त ने सीएम हेल्पलाइन एवं निगम कंट्रोल रूम की शिकायतों से लेकर कचरा वाहनों की रूट व्यवस्था, रात्रिकालीन कचरा संग्रहण, सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति और कीटनाशक छिड़काव अभियान तक की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया, नोडल अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन श्री आदेश जैन, स्वास्थ्य अधिकारी श्री निशांत कनौजिया, एमएसडब्ल्यू प्रबंधन टीम ओम साई विजन सहित समस्त वार्डों के स्वच्छता निरीक्षक एवं वार्ड दरोगा उपस्थित रहे।
*बीट रजिस्टर के अनुसार हो सफाई*
निगमायुक्त ने सीएम हेल्पलाइन एवं निगम कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 14420 पर प्राप्त स्वच्छता संबंधी शिकायतों की वार्डवार समीक्षा करते हुए लंबित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्वच्छता निरीक्षकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक वार्ड का बीट रजिस्टर तैयार कर निर्धारित बीट के अनुसार गलियों एवं नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करें। फील्ड में ऐसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएं कि नागरिकों को बार-बार शिकायत दर्ज कराने की आवश्यकता ही न पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि दैनिक सफाई कार्यों एवं निरीक्षण में उदासीनता बरतने वाले कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा के दौरान वार्ड क्रमांक 39 एवं 18 में अधिक शिकायतें लंबित पाए जाने पर संबंधित क्षेत्रीय दरोगाओं को नोटिस जारी करने तथा वार्ड क्रमांक 8 के दो सफाई मित्रों के लंबे समय से बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
*कचरा वाहनों का रूट चार्ट और समय-सारिणी होगी निर्धारित*
समीक्षा के दौरान वार्ड क्रमांक 3 में कचरा संग्रहण वाहन समय पर नहीं पहुंचने की नागरिकों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निगमायुक्त ने एमएसडब्ल्यू प्रबंधन को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कचरा संग्रहण वाहनों का वार्डवार रूट चार्ट एवं समय-सारिणी प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रथम पाली में प्रातः 10:30 बजे के पूर्व वार्डों से कचरा संग्रहण का कार्य अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। वाहन निर्धारित समय पर प्रत्येक कचरा प्वाइंट तक पहुंचें और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में किसी प्रकार की बाधा न आए।
*रात्रिकालीन कचरा संग्रहण की भी होगी नियमित निगरानी*
व्यावसायिक क्षेत्रों में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से निगमायुक्त ने शुक्रवार रात्रि झंडा बाजार, गोल बाजार एवं स्टेशन रोड में कचरा संग्रहण वाहनों की ऑनलाइन ट्रैकिंग एवं कलेक्शन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने माधवनगर एवं खिरहनी दुर्गा चौक सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में रात्रिकालीन कचरा संग्रहण के लिए पर्याप्त वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वाहन खराब होने अथवा ब्रेकडाउन की स्थिति में संबंधित क्षेत्र के नागरिकों को मुनादी के माध्यम से इसकी सूचना देने और वैकल्पिक वाहन के पहुंचने का समय बताने के निर्देश दिए, ताकि कचरा संग्रहण व्यवस्था प्रभावित न हो।
*संकरी गलियों में वैकल्पिक व्यवस्था*
आगामी पर्वों के दौरान घरों में सफाई एवं अन्य तैयारियों के चलते निकलने वाले अतिरिक्त कचरे के समयबद्ध उठाव को लेकर निगमायुक्त ने सभी वार्डों की विस्तृत सूची तैयार कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से ऐसे क्षेत्रों को चिह्नित करने को कहा, जहां संकरी गलियों के कारण बड़े कचरा वाहन नहीं पहुंच पाते हैं। इन स्थानों पर छोटे वाहनों अथवा अन्य उपयुक्त माध्यमों से वैकल्पिक संग्रहण व्यवस्था विकसित करने तथा घरों की संख्या एवं कचरे की मात्रा के अनुरूप वाहनों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*गंदगी फैलाने वालों पर चलेगा अभियान, खाली प्लाट मालिकों को नोटिस*
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने डेयरी संचालकों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, दुकानों में डस्टबिन नहीं रखने तथा सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर निर्माण सामग्री रखकर अव्यवस्था उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं खाली प्लाटों में कचरा पाए जाने पर संबंधित भू-स्वामियों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
*मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए छिड़काव अभियान तेज करें*
मौसम में बदलाव को देखते हुए निगमायुक्त ने मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए संचालित कीटनाशक छिड़काव अभियान को और गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी को वार्डवार फॉगिंग कराने के साथ ही हैंड स्प्रे पंप के माध्यम से कीटनाशक दवाओं का नियमित छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


