कटनी। जिले में पैथोलॉजी लैब की जांच रिपोर्ट को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। एक मरीज ने तीन अलग-अलग पैथोलॉजी लैब से कराई गई CRP जांच की रिपोर्ट में काफी अंतर आने का आरोप लगाते हुए जिला चिकित्सा अधिकारी से लिखित शिकायत की है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी लैब संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त शिकायत के अनुसार, तिलक कॉलेज जागृति कॉलोनी निवासी संदीप सोनी, पिता माणिक लाल सोनी, ने बताया कि 16 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 7:30 बजे वह डॉ. मनीष मिश्रा के पास उपचार के लिए पहुंचे थे। चिकित्सक की सलाह पर उन्होंने मां पैथोलॉजी लैब में CBC एवं CRP की जांच कराई। आरोप है कि यहां से मिली रिपोर्ट में CRP का स्तर 367.5 mg/L बताया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उनकी तबीयत में केवल खांसी और हल्का बुखार जैसे लक्षण थे। ऐसे में CRP की रिपोर्ट देखकर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने दूसरी लैब में जांच कराने का निर्णय लिया।
इसके बाद उसी दिन सुबह करीब 8:45 बजे दूसरी पैथोलॉजी लैब में CRP जांच कराई गई, जहां रिपोर्ट में इसका स्तर 60.5 mg/L आया। वहीं, 17 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे जिला चिकित्सालय कटनी में दोबारा CRP जांच कराने पर रिपोर्ट 90.85 mg/L बताई गई।
तीन रिपोर्टों में अंतर से खड़े हुए सवाल
शिकायतकर्ता का कहना है कि एक ही मरीज की जांच रिपोर्ट में इतने बड़े अंतर से उन्हें मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने आशंका जताई है कि पैथोलॉजी जांच में लापरवाही या अनियमितता हो सकती है।
15 दिन में जांच और कार्रवाई की मांग
संदीप सोनी ने जिला चिकित्सा अधिकारी को सौंपे गए आवेदन में मांग की है कि संबंधित पैथोलॉजी लैब की जांच कराई जाए। साथ ही बिना अधिकृत पंजीयन और योग्य चिकित्सकीय विशेषज्ञ के संचालित हो रही पैथोलॉजी लैब की भी जांच की जाए।
शिकायतकर्ता ने 15 दिनों के भीतर जांच पूरी कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर कटनी एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को भी भेजी गई है।
अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।



