छिंदवाड़ा, 27 अक्टूबर 2026। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के उपरांत आज वार्ड क्रमांक 26 स्थित छोटा तालाब में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विसर्जन के बाद क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखना तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
इस श्रमदान कार्यक्रम में नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर श्री दीपक राज जैन एवं स्वच्छता चैंपियन डॉ. मीरा पड़ारकर, डॉ. महेश बंदेवार तथा श्री शैलेंद्र उजवाने उपस्थित रहे। सभी ने श्रमदान में सहभागिता करते हुए सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया।
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद जलाशय एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से आयोजित इस श्रमदान के माध्यम से नागरिकों को प्रेरित किया गया कि वे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के बाद स्वच्छता की जिम्मेदारी भी निभाएं तथा पूजा सामग्री, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट को जलाशय या उसके आसपास न फेंकें।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही छिंदवाड़ा को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर बनाया जा सकता है।
स्वच्छ छिंदवाड़ा, सुंदर छिंदवाड़ा — जनभागीदारी से स्वच्छता की ओर एक कदम।


