मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए देश में वोट चोरी और मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के शासन का आरोप लगाया। कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बरही में आयोजित सभा में पटवारी ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के कारण आम जनता परेशान है। इस दौरान कांग्रेस नेता नीरज सिंह बघेल ने प्रदेश सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की. इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव आयोग की भूमिका और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठा उठा रही है लेकिन जवाब भाजपा दे रही है.पटवारी के मुताबिक, लोकतंत्र में जनता के मत का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए और चुनाव व्यवस्था को लेकर उठने वाले सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाना चाहिए।
उन्होंने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में शासन की कार्यप्रणाली को लेकर जनता के बीच सवाल हैं। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार के दावों और जमीनी परिस्थितियों के बीच अंतर दिखाई देता है। सभा मे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने महानदी पर बंद पड़े पुल का मुद्दा उठाकर स्थानीय समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। पुल बंद होने से लोगों को होने वाली परेशानियों और आवागमन से जुड़े सवालों को लेकर उन्होंने सरकार तथा संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
किसी भी क्षेत्र में पुल और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं लोगों के दैनिक जीवन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से सीधे जुड़ी होती हैं। ऐसे में पुल का लंबे समय तक बंद रहना स्थानीय नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।


