*मोहन घाट में श्रद्धा-भक्ति के साथ जवारा विसर्जन जारी*
*श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए निगम की व्यवस्थाएं, भक्तिमय माहौल के बीच हो रहा जावरा का विसर्जन*
कटनी। नवरात्रि पर्व की पूर्णाहुति के साथ मोहन घाट सहित अन्य घाटों पर निर्मित विसर्जन कुंडों में जवारा विसर्जन का सिलसिला श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ अनवरत जारी है। मां के जयकारों से गूंजते घाट पर श्रद्धालु नम आंखों और नमित शीश के साथ जवारों का विसर्जन कर मां से सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। नौ दिनों तक मंदिरों एवं देवालयों में भक्ति एवं साधना के साथ पूजित जवारों को विदाई देते समय वातावरण भावनाओं से ओतप्रोत नजर आ रहा है।
जवारा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा घाट पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। विसर्जन स्थल पर साफ-सफाई, कचरे के संग्रहण एवं निष्पादन, प्रकाश व्यवस्था तथा आवागमन को सुचारु बनाए रखने जैसे कार्यों पर ध्यान दिया जा रहा है। घाट पर व्यवस्था बनाए रखने और विसर्जन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अमला मुस्तैदी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहा है।
आस्था के इस पर्व पर नगर निगम का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ घाट की स्वच्छता एवं व्यवस्था बनाए रखना है, ताकि मां के प्रति श्रद्धा और भक्ति से जुड़ा यह धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

