MP NEWS CAST मनीष गौतम 9993205230
◆ *राष्ट्रीय एकता दिवस की ड्यूटी से लौट रहे आरक्षक राजेंद्र मिश्रा एवं किशोर कापसे ने तत्परता दिखाकर घायल युवक की बचाई जान बचाने में की महत्वपूर्ण मदद।*
◆ *स्लीमनाबाद बायपास पर कार और स्कूटी की भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल हुआ था युवक।*
◆ *घटनास्थल पर भीड़ के बीच पुलिस जवानों ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए तत्काल पहुंचाया अस्पताल।*
कटनी। पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में कटनी पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था एवं जनसेवा के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी का एक सराहनीय उदाहरण स्लीमनाबाद बायपास पर देखने को मिला, जहां राष्ट्रीय एकता दिवस की ड्यूटी से लौट रहे पुलिस आरक्षकों ने सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर मानवीय कर्तव्य का निर्वहन किया।
*सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ युवक*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्लीमनाबाद बायपास पर कार क्रमांक UP50CQ4025 एवं स्कूटी क्रमांक MP21Z H0955 के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार रवि कुमार बघेल, उम्र 25 वर्ष, पिता महेंद्र सिंह बघेल, निवासी थाना सेवढ़ा, जिला दतिया, वर्तमान निवासी स्लीमनाबाद तिराहा, पेट्रोल पंप के पास, गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घायल युवक सड़क किनारे खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था। घटनास्थल पर लगभग 40 से 50 लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। इसी दौरान राष्ट्रीय एकता दिवस की ड्यूटी से लौट रहे पायलट वाहन में तैनात आरक्षक क्रमांक 515 राजेंद्र मिश्रा एवं आरक्षक क्रमांक 544 किशोर कापसे की नजर घायल युवक पर पड़ी।
*तत्परता दिखाकर तत्काल पहुंचाया अस्पताल*
दोनों आरक्षकों ने बिना समय गंवाए वाहन रोका, घायल युवक की स्थिति का जायजा लिया और तत्काल उसे पायलट वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस जवानों की इस त्वरित कार्रवाई से दुर्घटना के बाद घायल को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण मदद मिली। थाना स्लीमनाबाद पुलिस व्दारा एफआईआर दर्ज कर घायल का प्राथमिक उपचार कराकर घायल को जबलपुर रेफर किया गया है।
*मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का दिया संदेश*
जब घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, तब पुलिस आरक्षकों ने आगे बढ़कर घायल की सहायता की और अपने कर्तव्य के साथ मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। उनका यह कार्य समाज के प्रत्येक नागरिक को प्रेरित करता है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आना हम सभी की नैतिक और मानवीय जिम्मेदारी है।
कटनी पुलिस आमजन से अपील करती है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करें एवं तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और आपातकालीन सेवाओं को सूचना देवें। आपका एक छोटा-सा प्रयास किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।


