*छिन्दवाड़ा/16 अक्टूबर 2026/* रोड सेफ्टी के तहत शहर के ई.एल.सी. चौराहे पर यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय के साथ चौराहे का निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, नगर निगम आयुक्त श्री सी.पी. राय सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।इस दौरान चौराहे पर यातायात के सुचारू संचालन में आ रही समस्याओं का जायजा लेते हुए व्यवस्था में आवश्यक सुधार की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने चौराहे की वर्तमान संरचना और यातायात की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नागपुर रोड से फव्वारा चौक एवं कलेक्ट्रेट मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए चौराहे की संरचना में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए। इसके तहत डिवाइडर की स्थिति एवं लंबाई, ट्रैफिक सिग्नल, वाहनों के मुड़ने की व्यवस्था और यातायात के सुचारू संचालन से जुड़े अन्य बिंदुओं पर ध्यान देने को कहा। कलेक्टर ने नगर निगम के इंजीनियरों को चौराहे की स्थिति और यातायात के दबाव का आंकलन कर सुधार की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि जाम की समस्या कम हो और दुर्घटनाओं की आशंका घटने के साथ नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।


