कटनी (16 अक्टूबर) – वित्तीय वर्ष की समाप्ति में मात्र 5 माह शेष रहने तथा फरवरी-मार्च में जनगणना कार्य के चलते राजस्व वसूली प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सभी वसूलीकर्ता अधिकारियों-कर्मचारियों को अभी से दैनिक लक्ष्य के
अनुरूप गंभीरता से वसूली कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी श्री सागर नायक सहित राजस्व निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक एवं सहायक राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे।
*बड़े बकायेदारों के नाम होंगे सार्वजनिक*
निगमायुक्त ने वित्तीय वर्ष की कुल डिमांड एवं उसके विरुद्ध जमा वसूली की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर नाम सार्वजनिक किए जाएं। वहीं निगमायुक्त ने निगम स्वामित्व की दुकानों की बकाया किराया वसूली में तेजी लाने एवं बकाया होने पर तालाबंदी की कार्यवाही करने के साथ ही शिकमी किरायेदारों की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही प्रस्तावित करने के नर्देश राजस्व अमले को दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर के विकास के लिए राजस्व वसूली अत्यंत आवश्यक है, अतः इस कार्य में किसी भी प्रकार की हीला-हवाली स्वीकार नहीं की जाएगी।
*नामांतरण प्रकरणों का समय से हो निराकरण*
बैठक में नामांतरण प्रकरणों के ऑनलाइन निराकरण की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निराकरण तय समय-सीमा में किया जाए। प्रकाशन, प्रकाशन उपरांत आरएसएस एवं एआरआई की रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत की जाए। लंबित प्रकरणों के निराकरण में आ रही समस्याओं को देखते हुए राजस्व अधिकारी श्री पाठक को कर्मचारियों की बैठक आयोजित कर आपसी समन्वय के साथ समस्याओं का निराकरण करते हुए कार्य में गति लाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।


