जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सीईओ सहित जनप्रतिनिधियों और भारी संख्या में मातृ शक्तियों की रही मौजूदगी*
कटनी – मिशन शक्ति अंतर्गत बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन योजना के तहत अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस के अवसर पर विकासखंड बहोरीबंद की महिला एवं बाल हितैषी ग्राम पंचायत तेवरी में जागरूकता सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं की शिक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक नेतृत्व को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत कटनी की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा तथा जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर की विशेष मौजूदगी रही। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मेहरा ने बालिकाओं को शिक्षित होकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। वहीं, सीईओ श्रीमती कौर ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं शिक्षा, कृषि, स्व-सहायता समूहों और पंचायती राज संस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाकर ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। महिलाओं को उचित अवसर एवं मंच उपलब्ध कराना सशक्त समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है।
*सरपंच और जागरूक मातृ शक्तियों ने विचार किए साझा*
कार्यक्रम में सरपंच सुश्री काजल रजक ने महिला सहभागिता एवं नेतृत्व के महत्व पर विचार व्यक्त किए। श्रीमती अर्चना रजक एवं श्रीमती लता श्रीवास ने आजीविका मिशन के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता के अनुभव साझा किए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती अपराजिता जैन ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी, जबकि शिक्षिकाओं श्रीमती ज्योति नायक एवं श्रीमती सारिका ठाकुर ने बालिका शिक्षा की उपलब्धियों और चुनौतियों पर प्रकाश डाला।
*शिक्षा,खेल और समाज सेवा को मिले सम्मान*
समारोह में शिक्षा, खेल, समाजसेवा एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही ग्राम विकास एवं जनहित के कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला सरपंच एवं पंच जनप्रतिनिधियों का भी सम्मान किया गया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अब्दुल गफ्फार, सहायक संचालक सुश्री वनश्री कुर्वेती, जनपद पंचायत बहोरीबंद के सीईओ श्री अभिषेक कुमार झा, परियोजना अधिकारी श्री सतीश पटेल, पंकज नामदेव, कमल सिंह उपसरपंच श्री सुशील कुशवाहा, बाल संरक्षण अधिकारी श्री मनीष तिवारी एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेश कुमार सोनी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।


