कटनी – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में शासकीय कार्यों में लापरवाही और विभागीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पर सख्ती दिखाते हुये अतिथि शिक्षक के कूट रचित फर्जी दस्तावेज के सत्यापन के मामले में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुरजीकलां के प्रभारी प्राचार्य श्री राज कुमार धुर्वे की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार एवं वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
*बैठक में पूरी तैयारी के साथ आने के निर्देश*
कलेक्टर श्री तिवारी ने बैठक में बिना पूरी तैयारी के उपस्थित होने पर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक सुश्री ज्योति सिंह के प्रति गहन नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा की बैठकों में विभागीय योजनाओं, लंबित प्रकरणों और निर्धारित लक्ष्यों की अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित हों।
*आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण निर्धारित समय में हो पूरा*
कलेक्टर श्री तिवारी ने जिले में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
*सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में बरतें गंभीरता*
कलेक्टर श्री तिवारी ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुये सभी विभागों को लंबित शिकायतों का गंभीरतापूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को मुख्य मंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 16 अक्टूबर को बिलहरी में आयोजित होने वाले आगामी शिविर हेतु चयनित सीएम हेल्प्लाइन एवं लोकसेवा गारंटी अधिनियम की शिकायतों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
*आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में लायें तेजी*
कलेक्टर श्री तिवारी ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सीएमएचओ को नवीन आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारियों को अनमोल पोर्टल पर गर्भवती माताओं की एएनसी जांच एवं एनीमिया के मामलों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने डॉक्टरों को जेनेरिक दवाईयां लिखने के भी निर्देश दिए ताकि जनऔषधि केन्द्रों पर आमजन को सस्ती दवाईयां उपलब्ध हो सके।
*महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा*
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना, 3 से 6 वर्ष के बच्चों के पंजीयन, पोषण पुनर्वास केंद्र में बच्चों की स्थिति तथा पोषण ट्रैकर में चिन्हांकित सैम एवं मैम बच्चों की स्थिति की भी समीक्षा की और संबंधित परियोजना अधिकारियों को लक्ष्यानुसार प्रगति लाने के निर्देश दिए।
*न्यायालयों व आयोगों से जुड़े मामलों में दें प्रतिवेदन*
कलेक्टर श्री तिवारी ने नगर निगम, जिला पंचायत, एसडीएम, तहसीलदार सहित संबंधित जिला अधिकारियों को अपने विभागों से जुड़े अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग, मानवाधिकार आयोग, बाल संरक्षण आयोग, लोकायुक्तस एवं सीएम मॉनिट से संबंधित प्रकरणों के मामलों में कार्रवाई कर कृत कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
*स्वरोजगार योजनाओं में लक्ष्यपूर्ति सुनिश्चित करें*
कलेक्टर ने उद्योग, अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग, पशुपालन, मत्स्य, उद्यानिकी सहित अन्य विभागों की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के लंबित एवं स्वीकृत प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने स्वीकृत प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी कराने तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने विशेष रूप से पीएम स्वनिधि योजना में प्रगति लाने के निर्देश सीएमओ बरही एवं कैमारे को दिए।
*बैठक में ये रहे उपस्थित*
बैठक में समस्त एसडीएम, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री रवि सिंह ठाकुर, उपसंचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित, सहायक संचालक शिक्षा श्री राजेश अग्रहरि, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विमल चौरसिया, सहायक संचालक मत्स्योद्योग आशीष नायक, जिला पंजीयक पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


