कटनी। कैमोर क्षेत्र के नागरिकों को टीबी (क्षयरोग) एवं छाती से संबंधित बीमारियों की बेहतर जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कैमोर में 9 एवं 10 अक्टूबर को विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य स्क्रीनिंग, जांच, परामर्श एवं उपचार की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ने बताया कि खांसी के साथ खून आना, लगातार वजन कम होना, भूख न लगना, छाती में दर्द अथवा 15 दिवस से अधिक समय से बुखार एवं खांसी जैसे लक्षणों से पीड़ित व्यक्ति शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं। इस शिविर में जिला चिकित्सालय कटनी से डॉ. एस.पी. सोनी एवं डॉ. शिव मोहन सराफ, टीबी एवं चेस्ट स्पेशलिस्ट, मरीजों की जांच एवं उपचार करेंगे।
विकासखण्ड सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ के खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं चिकित्सा दल भी सेवाएं प्रदान करेगा।
जबकि शनिवार 10 अक्टूबर को नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज जबलपुर के सुपरस्पेशलिस्ट चिकित्सकों की विशेष सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इनमें डॉ. आशीष दीवान, असिस्टेंट प्रोफेसर, रेस्पिरेटरी मेडिसिन तथा डॉ. अनुज मोहन, डी.एम. एवं सीनियर पल्मोनरी मेडिसिन विशेषज्ञ शामिल हैं। स्क्रीनिंग के दौरान चिन्हित मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श के साथ आवश्यक उपचार की सुविधा दी जाएगी।
नागरिकों से अपील की गई है अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराएं तथा समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार का लाभ प्राप्त करें।


