डी.ए.वी. कैलड्रीज पब्लिक स्कूल, कटनी में डी.ए.वी. नेशनल स्पोर्ट्स टूर्नामेंट के जोनल स्तर, ज़ोन सी एवं डी की तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 7 अक्टूबर 2026 तक किया गया, जिसमें विभिन्न डी.ए.वी.(ज़ोन सी एवं डी )विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लेडीज क्लब प्रेसिडेंट श्रीमती नंदिता विश्वास जी, ए आर ओ श्री एस के सिन्हा जी, विभिन्न विद्यालयों से पधारे प्राचार्यगण एवं प्रशिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही|
समापन समारोह में विद्यालय परिसर में अतिथियों का आगमन विद्यालय बैंड की मधुर धुनों के साथ हुआ | कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजित रिले रेस ने पूरे वातावरण को रोमांच, उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।समारोह का प्रमुख आकर्षण पुरस्कार वितरण समारोह एवं जम्बल मार्च रहा। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करते समय खिलाड़ियों के चेहरों पर उत्साह एवं गर्व स्पष्ट दिखाई दे रहा था। उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं सहपाठियों ने करतल ध्वनि से विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
तीन दिनों तक चले इस आयोजन ने खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ सहयोग, अनुशासन, नेतृत्व, सौहार्द और खेल भावना का महत्त्व भी सिखाया।प्रतियोगिता में ज़ोन सी को ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी से सम्मानित किया गया, जबकि रनर-अप ट्रॉफी ज़ोन डी के नाम रही। विजेता टीमों ने अपनी शानदार उपलब्धि से विद्यालय एवं अपने क्षेत्र को गौरवान्वित किया। ए आर ओ श्री एस के सिन्हा सर ने अपने उद्बोधन में यह संदेश दिया कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, किंतु सच्ची सफलता,उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और निरंतर बेहतर करने के प्रयास में निहित है, प्रत्येक खेल में या तो हम जीतते हैं या हम सीखते हैं |
डी ए वी जोनल स्पोर्ट्स की कोऑर्डिनेटर एवं डी.ए.वी. कैलड्रीज पब्लिक स्कूल की प्राचार्या संजना मधुकर जी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग देने वाले मुख्य अतिथि श्री प्रियब्रत विश्वास विशिष्ट अतिथि श्रीमती नंदिता विश्वास,ए.आर.ओ. महोदय, सभी प्राचार्यगण, शिक्षकगण, प्रशिक्षकगण, निर्णायकगण, आयोजन समिति के सदस्यों तथा प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
अंत में जोनल स्तरीय खेल प्रतियोगिता के औपचारिक समापन की घोषणा की गई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि महोदया अध्यक्षा श्रीमती नंदिता विश्वास एवं ए.आर.ओ. श्री एस के सिन्हा महोदय द्वारा ध्वज अवतरण किया गया तथा ध्वज को सम्मानपूर्वक जोनल स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर प्राचार्या महोदया संजना मधुकर को सौंपा गया। जम्बल मार्च एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ।



