कटनी जिले की जनपद पंचायत बड़वारा अंतर्गत ग्राम पंचायत सलैया सिहोरा की मूलभूत समस्याओं को लेकर ग्रामीणों और युवाओं का आक्रोश सामने आया। युवा समाजसेवी राज सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने लामबंद होकर मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम खितौली नायब तहसीलदार को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने, उप-स्वास्थ्य केंद्र व आयुर्वेदिक केंद्र नियमित संचालित कराने, विद्यालयों में कथित अतिरिक्त शुल्क वसूली की जांच, बिजली पोल लगाने और विद्युत व्यवस्था सुधारने की मांग की गई।
इसके अलावा बरेला-सलैया सिहोरा मार्ग के निर्माण-सुधारीकरण, सलैया सिहोरा मोड़ पर बस स्टैंड, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा के लिए गौशाला तथा चारा-पानी की व्यवस्था की मांग उठाई गई।
ग्रामीणों ने गोचर एवं सार्वजनिक चराई की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर सीमांकन और अवैध कब्जों पर कार्रवाई की मांग भी रखी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा


