*हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग एवं यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिये चलाये जा रहे जागरूकता अभियान के तहत किया गया जागरूक,*
*यातायत के नियमों का उल्लंघन करने वाले 240 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही करते हुये वसूला गया 93,000 समन शुल्क*
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस परिवहन एवं शोध संस्थान, पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश द्वारा दिनांक 28.09.2026 से 08.10.2026 तक 10 दिवसीय हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के संबंध में एक व्यापक प्रवर्तन एवं जन जागरूकता अभियान चलाये जाने के निर्देष जारी किए गए है।
उल्लेखनीय है कि उक्त अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता, जिम्मेदार वाहन संचालन तथा सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना है।
इसी क्रम में आज दिनांक 29-09-2026 को पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अखिलेश तिवारी के नेतृत्व में यातायात के तीनों थानों द्वारा हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर विशेष प्रवर्तन तथा जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया ।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख चौराहों, मार्गों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेकिंग प्वाइंट लगाकर दोपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठी सवारियों द्वारा हेलमेट के उपयोग तथा चारपहिया वाहन चालकों एवं सवारियों द्वारा सीट बेल्ट के उपयोग की जांच की गई। हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को मौके पर आवश्यक समझाइश देकर यातायात नियमों का पालन करने हेतु जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को यातायात नियमों की जानकारी:-
अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। एस.वी.डी.जे. गुरूकुल स्कूल धनवंतरी नगर में श्री बैजनाथ प्रजापति, उप पुलिस अधीक्षक यातायात गढ़ा, मनीष पयासी थाना प्रभारी यातायात गढ़ा द्वारा लगभग 200 विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को यातायात नियमों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व तथा सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई।
इसी प्रकार एम.एल.वी. स्कूल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात, उप पुलिस अधीक्षक एवं दिनेष शर्मा थाना प्रभारी मालवीय चौक तथा डी.एन. जैन स्कूल गोलबाजार में निरी. रोहित तिवारी याता. मालवीय चौक हमराह स्टाफ द्वारा लगभग 550 छात्राओं एवं स्कूल स्टाफ को यातायात नियमों एवं सुरक्षित यातायात के संबंध में जागरूक किया गया।
इसी क्रम में अष्विनी पटेल थाना प्रभारी यातायात घमापुर हमराह स्टॉफ द्वारा जीसीएफ हायर सैकेण्डरी पहुंचकर लगभग 400 छात्र छात्राओं को यातायात संबंधी षिक्षा प्रदान की गई।
विशेष अभियान के दौरान यातायात के तीनों थानों द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 215 वाहन चालकों तथा बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने वाले 57 वाहन चालकों, इस प्रकार कुल 240 वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 93,000/- समन शुल्क राशि प्राप्त की गई।
यातायात पुलिस की अपील:- यातायात पुलिस जबलपुर द्वारा अपील की गई है कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठने वाली सवारी अनिवार्य रूप से मानक हेलमेट पहनें तथा चारपहिया वाहन में चालक एवं सभी पात्र सवारियां सीट बेल्ट का उपयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करें। स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।


