कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन की सराहना, एमपीएसएसडीईजीबी की सीईओ अदिति गर्ग ने भेजा प्रशस्ति पत्र
🔳कटनी – किसी युवा के हाथ में हुनर हो तो उसके सपनों को मंजिल तक पहुंचने का रास्ता आसान हो जाता है। इसी सोच को साकार करते हुए कटनी जिले ने कौशल विकास के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। प्रवेश सत्र 2026 में जिले की सभी सात शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं की सभी 788 सीटों पर शत-प्रतिशत प्रवेश हुआ है। यानी जितनी सीटें थीं, उतने ही विद्यार्थियों ने दाखिला लिया और प्रवेश का आंकड़ा सीधे सौ -प्रतिशत पर पहुंच गया।
प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण होने के साथ जिले की शासकीय आईटीआई में उपलब्ध सभी सीटें भर गईं। 788 प्रवेशों में 544 पुरुष और 244 महिला विद्यार्थी शामिल हैं। कुल प्रवेश में बेटियों की भागीदारी 30.96 प्रतिशत रही, जो तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में युवतियों की बढ़ती रुचि को भी रेखांकित करती है।
*कलेक्टर के मार्गदर्शन को मिली सराहना*
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार सृजन बोर्ड, भोपाल सुश्री अदिति गर्ग, ने कलेक्टर कटनी श्री आशीष तिवारी को प्रशस्ति पत्र प्रेषित कर बधाई दी है। प्रशस्ति पत्र में जिले की सभी शासकीय आईटीआई में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित कराने के लिए कलेक्टर श्री तिवारी के सहयोग एवं मार्गदर्शन की विशेष रूप से सराहना की गई है।
*आईटीआई बनीं हुनर को पहचान देने की राह*
शासकीय आईटीआई केवल प्रशिक्षण का केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को कौशल और आत्मविश्वास देने का माध्यम हैं। यहां विभिन्न तकनीकी ट्रेडों में व्यावहारिक और रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे विद्यार्थी प्रशिक्षण पूरा करने के बाद रोजगार, स्वरोजगार और उद्योगों में रोजगार के अवसरों से जुड़ने के लिए तैयार होते हैं।
शासकीय आईटीआई के प्राचार्य श्री देवेश मिश्रा और जिला रोजगार कार्यालय के श्री अनिल तिवारी ने कलेक्टर श्री तिवारी से भेंट कर उन्हें प्रशस्ति पत्र भेंट किया।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


