छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित किया गया पर्यटन ग्राम सावरवानी अपनी ख्रूबसूरती के कारण देश-विदेश के पर्यटकों के साथ अब बंगाल फिल्म इंडस्ट्री को भी भा गया है। सावरवानी में बंगाल से आई टीम ने बंगाली भाषा में बन रही फिल्म की शूटिंग की। एक सप्ताह तक चलने वाली शूटिंग के दौरान फिल्म का आखिरी शेड्यूल पूरा किया जा रहा है। दिसंबर माह में दो अन्य फिल्मों की शूटिंग भी यहां पर प्रस्तावित है।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन व जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार के कुशल मार्गदर्शन में पर्यटन विकास से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही है। ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध करवाने व होम स्टे के प्रमोशन के लिए बेहतरीन प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सतपुड़ा की गोद में बसे पर्यटन ग्राम सावरवानी इन दिनों फिल्मी रंग में रंगा है। यहाँ फिल्म ‘रायसेन रहस्य’ की शूटिंग पिछले एक सप्ताह से चल रही है।
शूटिंग के चलते गाँव के सभी होमस्टे पूरे एक सप्ताह के लिए फुल बुक हैं और गाँव में लाइट, कैमरा, एक्शन की गूंज है। इस शूटिंग से गाँव के लोगों को बड़ा रोजगार मिला है। युवाओं को शूटिंग टीम में सहयोगी के तौर पर काम मिला है, तो महिलाएं भोजन व्यवस्था और मेहमाननवाजी संभाल रहीं हैं। फिल्म की शूटिंग इस गाँव की उपलब्धियों में एक नया अध्याय है। अब तक होमस्टे टूरिज्म और संस्कृति संरक्षण के लिए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान पा चुका यह छोटा सा गाँव सावरवानी अब शूटिंग हब के रूप में पहचान बनाने की दिशा में बढ़ रहा है।


