छिंदवाड़ा। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा द्वारा स्वच्छता एवं जनजागरूकता की दिशा में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज वार्ड क्रमांक 10 स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल धर्म टेकरी में श्रमदान अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान उपस्थित स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर बादल भारद्वाज, स्वच्छता चैंपियन महेश वन्देवार, श्री शिवम टीम तथा नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा की सहायक संस्था सिद्धिविनायक वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज के प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से श्रमदान किया गया।
इस दौरान धर्म टेकरी परिसर में स्वच्छता कार्य करते हुए कचरे का संग्रहण एवं उचित निस्तारण किया गया तथा नागरिकों को सार्वजनिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित लोगों ने स्वच्छता को अपनी दैनिक आदतों का हिस्सा बनाने और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया।
अभियान का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी, सामूहिक सहभागिता और श्रमदान की भावना को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ शहर का निर्माण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही संभव है।
नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा द्वारा स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न क्षेत्रों में श्रमदान, स्वच्छता एवं जनजागरूकता संबंधी गतिविधियां निरंतर आयोजित की जाएंगी।


