कटनी (23 सितंबर) – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कन्हवारा में आयोजित शिविर में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के समक्ष प्राप्त शिकायत की जांच के कलेक्टर के निर्देश पर के बाद जांच के दौरान पाया गया कि पटवारी द्वारा फौती नामांतरण आदेश का राजस्व अभिलेख में अमल नहीं किया गया है। इसे लापरवाही मानते हुये तहसील कटनी नगर के ग्राम पटवारा के हल्का नंबर 10 की पटवारी श्रीमती राबिया बानो का आगामी एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोक दिया गया है।
फौती नामांतरण आदेश के बावजूद नहीं किया अमल
तहसीलदार कटनी नगर के प्रतिवेदन के अनुसार नायब तहसीलदार वृत्त मझगवां, तहसील कटनी नगर अंतर्गत आवेदक मनोज कुमार भूमिया पिता रामबिहारी भूमिया ने ग्राम पटवारा स्थित खसरा नंबर 576, 246 एवं 247 में दर्ज खातेदार रामबिहारी भूमिया की मृत्यु के बाद फौती नामांतरण आदेश का राजस्व अभिलेख में अमल नहीं होने की शिकायत की थी। जांच में अंतिम आदेश पारित होने के बावजूद अभिलेख में उसका अमल नहीं किया जाना पाया गया।
जवाब समाधानकारक नहीं मिलने पर कार्रवाई
मामले में हल्का नंबर 10 की पटवारी श्रीमती राबिया बानो को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। पटवारी द्वारा प्रस्तुत जवाब का अवलोकन करने पर उसे समाधानकारक नहीं पाया गया।
एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकी
पटवारी का कृत्य म.प्र. सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3(1), 3(2) एवं 3(3) का उल्लंघन पाए जाने पर म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 10 के तहत एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल ने उनकी आगामी एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश जारी किए गए हैं।


