रेलवे स्टेशन पर 8 किलो गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
जीआरपी पुलिस ने बैग की तलाशी लेकर पकड़ा, जब्त गांजे की कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई
बीना। बीना रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जीआरपी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 04/05 के पास चार्जिंग प्वाइंट के नजदीक बेंच पर दो व्यक्ति बैग लेकर बैठे हैं और उनके बैग में गांजा रखा हुआ है।
सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर दो संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर बैठे मिले। पुलिस को देखकर दोनों बैग लेकर वहां से जाने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सौरभ विश्वकर्मा एवं सहदेव यादव, निवासी मुंगावली, जिला अशोकनगर बताया। पुलिस द्वारा दोनों के बैग की तलाशी लेने पर गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे का कुल वजन करीब 8 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में थाना जीआरपी बीना में अपराध क्रमांक 497/26, धारा 8/20, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक हेमलता मिश्रा के नेतृत्व में जीआरपी बीना पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस द्वारा मामले में गांजे के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य संभावित लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।


