*ऑडिट में आपत्ति नहीं लगाने के एवज में 8 हजार की रिश्वत*
*लोकायुक्त ने प्रभारी प्रबंधक और ऑडिट ऑफिसर को ट्रेप किया*
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर सेवा सहकारी समिति बरहटा के वर्ष 2025-26 के ऑडिट में आपत्ति नहीं लगाने के एवज में रिश्वत मांगने के मामले में लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने सोमवार सुबह कार्रवाई करते हुए दो लोगों को ट्रेप किया। टीम ने 8 हजार रुपए की रिश्वत की राशि भी जब्त की है।
लोकायुक्त एसपी के अनुसार आवेदक अशोक कुमार पटेल निवासी ग्राम मेघ, तहसील गोटेगांव ने शिकायत की थी कि सेवा सहकारी समिति बरहटा के ऑडिट के दौरान ऑडिट ऑफिसर राजेंद्र सिंह द्वारा आपत्ति नहीं लगाने के एवज में 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी ऑडिट ऑफिसर 8 हजार रुपए लेने के लिए तैयार हो गया।
सोमवार को लोकायुक्त की टीम ने विपणन सहकारी समिति मर्यादित, नरसिंहपुर कार्यालय में कार्रवाई की। आरोपी ऑडिट ऑफिसर राजेंद्र सिंह की उपस्थिति में सहआरोपी अमित श्रीवास्तव, प्रभारी प्रबंधक विपणन सहकारी समिति मर्यादित नरसिंहपुर, को 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि जब्त कर ली गई। ट्रेप दल में टीएलओ निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक जितेंद्र यादव सहित लोकायुक्त टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

