कटनी (18 सितम्बर) – अस्पताल के महिला वार्ड में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की नजर जब एक स्कूली छात्रा पर पड़ी, तो निरीक्षण के बीच कुछ पल के लिए बातचीत का सिलसिला पढ़ाई और सपनों की ओर मुड़ गया। सामने बैठी थी छठवीं कक्षा की छात्रा सुरभि, जिसने अपने शानदार परीक्षा परिणाम से कलेक्टर को प्रभावित कर दिया।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को कलेक्टर श्री आशीष तिवारी कैमोर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण करने पहुंचे थे। स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए वे महिला वार्ड में पहुंचे। यहां उनकी नजर छठवीं कक्षा में पढ़ने वाली सुरभि पर पड़ी। कलेक्टर ने औपचारिकता से अलग सहज अंदाज में उससे बातचीत शुरू की और उसके बारे में जानकारी ली।
सुरभि ने बताया कि वह अपनी मामी के साथ अस्पताल आई है। उसकी मामी के यहां हाल ही में बेटी का जन्म हुआ है। बातचीत के दौरान कलेक्टर ने बच्ची की पढ़ाई के बारे में पूछा और फिर सहजता से सवाल किया—“पांचवीं कक्षा में कितने नंबर आए?” सुरभि ने बिना झिझक जवाब दिया—“600 में से 599 अंक।”
एक अंक छोड़कर पूरे 600 में 599 अंक! सुरभि का यह जवाब सुनते ही कलेक्टर श्री तिवारी के चेहरे पर प्रसन्नता की मुस्कान आ गई। उन्होंने उसकी मेहनत और शानदार शैक्षणिक प्रदर्शन की सराहना की तथा उसे आगे भी इसी लगन और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।
*एक सवाल से खुली सुरभि की प्रतिभा की कहानी*
कलेक्टर और सुरभि के बीच बातचीत यहीं नहीं रुकी। उन्होंने छात्रा से कुछ सामान्य प्रश्न भी पूछे। सुरभि ने बिना संकोच और पूरी तत्परता के कलेक्टर के सवालों के जवाब दिए।
उसकी बात करने का आत्मविश्वास और पढ़ाई के प्रति गंभीरता देखकर कलेक्टर ने उसकी प्रशंसा की। अस्पताल के माहौल में हुई यह छोटी-सी बातचीत सुरभि के लिए खास बन गई।


