*स्वतंत्रता दिवस के नाम पर तीन दिन नाश्ता, चार बिलों से ₹38,446 का भुगतान*
*209 किलो बूंदी की खरीदी, एक बिल में ₹94 तो दूसरे में ₹200 किलो की दर*
तामिया। ग्राम पंचायत तामिया में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए चाय-नाश्ता और मिठाई की खरीदी से जुड़े चार बिल चर्चा का विषय बने हुए हैं। पंचायत दर्पण पर अपलोड बिलों के अनुसार 14, 15 और 16 अगस्त को चाय-नाश्ते एवं अन्य सामग्री के नाम पर कुल ₹38,446 का भुगतान किया गया है। खास बात यह है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह एक दिन आयोजित होने के बावजूद तीन अलग-अलग दिनों के बिल सामने आए हैं।
बिलों के अनुसार 14 अगस्त को ₹8,110, 15 अगस्त को ₹8,300 और ₹13,536, जबकि 16 अगस्त को ₹8,100 का भुगतान किया गया। इस तरह चार बिलों के माध्यम से कुल ₹38,446 की राशि खर्च दर्शाई गई है।
209 किलो बूंदी की खरीदी
बिलों में बूंदी की मात्रा और दर को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। 14 अगस्त को 20 किलो बूंदी, 15 अगस्त को 144 किलो एवं 20 किलो तथा 16 अगस्त को 25 किलो बूंदी की खरीदी दर्शाई गई है। इस तरह कुल 209 किलो बूंदी खरीदी गई। वहीं एक बिल में बूंदी की दर ₹94 प्रति किलो, जबकि दूसरे बिल में ₹200 प्रति किलो दर्ज है।
इसके अलावा तीन दिनों में 220 बड़े, 220 समोसे और 263 चाय मंगाए जाने का उल्लेख भी बिलों में है।
स्कूल प्राचार्य ने वितरण से किया इनकार
मामले में सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य का कहना है कि ग्राम पंचायत की ओर से स्कूल में किसी प्रकार की मिठाई का वितरण नहीं किया गया। स्कूल प्रबंधन द्वारा ही मिष्ठान वितरण किया गया था।
भाजपा नेताओं ने भी उठाए सवाल
भाजपा नेता गोपाल साहू एवं भाजपा युवा मंडल अध्यक्ष वतन उपाध्याय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दिन ही नाश्ता-पानी हुआ था। 14 और 16 अगस्त को पंचायत में इस संबंध में कोई बैठक नहीं हुई।
जांच में दोषी मिले तो होगी कार्रवाई
पंचायत निरीक्षक दुर्जनसिंह भलावी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह एक दिन ही मनाया गया, जबकि बिल तीन दिनों के लगाए गए हैं। उन्होंने यह भी माना कि बिलों में सामग्री की दरों में काफी अंतर दिखाई दे रहा है। मामले की जांच की जाएगी और यदि अनियमितता या दोष सामने आता है तो कड़ी कार्रवाई के साथ राशि की रिकवरी की जाएगी।

