रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। सिवनीमालवा विधानसभा की डोलरिया तहसील के अंतर्गत नानपा- कजलवास सड़क निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार देर शाम से कलेक्टर गेट पर धरना प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कलेक्टर सोमेश मिश्रा के आश्वासन पर देर रात
करीब 2 बजे धरना प्रदर्शन समाप्त किया। इस दौरान जिला प्रशासन की तरफ से एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह द्वारा धरना प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से निरंतर सामंजस्य बनाए रखा। वहीं शनिवार को ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने बारिश में कच्ची सड़क मार्ग पर आवागमन संबंधी गंभीर समस्याओं से अवगत कराते हुए नवीन सड़क निर्माण की मांग रखी। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने ग्रामवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग के अनुरूप नानपा एवं कजलवास को मध्यप्रदेश स्टेट माइनिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड के महाप्रबंधक द्वारा नर्मदापुरम जिले में नवीन रेत खदानों के रूप में घोषित किया जा चुका है। साथ ही नवीन सड़क निर्माण के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मध्यप्रदेश प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि वर्तमान में ग्रामीणों की आवागमन सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सड़क का आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में असुविधा न हो। कलेक्टर श्री मिश्रा से मिले आश्वासन के बाद ग्रामवासियों ने अपनी लिखित मांग उन्हें प्रस्तुत की। आश्वासन से संतुष्ट होकर ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। वहीं ग्राम कुल्हडा निवासी वरिष्ठ कृषक राकेश कुमार गौर ने बताया कि करीब साढ़े 3 किलोमीटर की सड़क निर्माण के लिए वर्ष 2020 से ही ग्रामीण जन परेशान हो रहे हैं। अनेक बार जनसुनवाई में भी आवेदन देने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं हुई, बारिश में गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। जिससे मजबूर होकर सभी ग्रामवासी धरना प्रदर्शन पर बैठने को मजबूर हुए। कलेक्टर साहब के आश्वासन पर हमने धरना समाप्त किया है। वही जिला प्रशासन के निर्देशन में खनिज विभाग द्वारा अस्थाई रूप से सड़क सुधार कार्य किया जा रहा है।


