अधिकारियों ने स्टोन वर्क में कला, हुनर और मेहनत की सराहना कर किया प्रोत्साहित*
कटनी (12 सितम्बर)- जन विश्वास अभियान के दौरान विकासखंड रीठी के अंतर्गत ग्राम पंचायत बिलहरी में स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे पत्थर शिल्प उत्पादों का कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर ने अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न आकर्षक एवं उपयोगी पत्थर शिल्प उत्पादों की बारीकी से जानकारी ली तथा उनके निर्माण की प्रक्रिया के संबंध में चर्चा की।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने स्टोन वर्क में महिलाओं की कला, हुनर और मेहनत की सराहना कर प्रोत्साहित करते हुए कहा कि स्थानीय संसाधनों एवं पारंपरिक कौशल को आजीविका से जोड़कर स्व सहायता समूह की महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता, आकर्षक डिजाइन तथा बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने पर जोर दिया।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने भी महिलाओं द्वारा निर्मित पत्थर शिल्प उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि स्व सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने महिलाओं से उनके कार्य, उत्पादन, बिक्री एवं आने वाली कठिनाइयों के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक सहयोग के संबंध में चर्चा की। इस अवसर पर जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुराग मोदी, सीमा सिंह, राम सुजान द्विवेदी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं स्व सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।


